,

पिछोर में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, पप्पू उर्फ प्रथम पाल गिरफ्तार; बाइक समेत 61 हजार का माल जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिम्मतपुर चौकी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुजावनी रोड स्थित तालाब के पास एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से देशी प्लेन शराब की 6 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल ₹61 हजार का माल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू उर्फ प्रथम पाल (27 वर्ष), निवासी ग्राम कुंडलपुर, थाना पिछोर के रूप में हुई है। आरोपी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर दो बोरियों में शराब की पेटियां रखकर करारखेड़ा की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान 6 पेटियों में कुल 300 क्वार्टर देशी प्लेन शराब बरामद हुई। शराब की कुल मात्रा 54 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत ₹21 हजार बताई गई है। वहीं, जब्त मोटरसाइकिल की कीमत करीब ₹40 हजार आंकी गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में शराब को आर्मी फील्ड फायरिंग क्षेत्र की तरफ से बिक्री के लिए लाना बताया। मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 473/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी पिछोर प्रमोद शाक्य के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, हिम्मतपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रामानंद पचौरी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।