
शिवपुरी। सीहोर थाना क्षेत्र के ग्राम नरौआ में ग्वालियर तिराहा पर स्थित खेत में जमीन के हक को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एकराय होकर लाठी लुहांगी से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। सात लोग घायल हो गए।
ग्वालियर तिराहा पर स्थित खेत पर मालिकाना हक को लेकर जितेंद्र रावत पुत्र वीरसिंह रावत और सुरेश सिंह परिहार पुत्र नवल सिंह परिहार के बीच पिछले कई सालों से विवाद चल रहा है। बताया जाता है काफी साल पहले सुरेश परिहार का पट्टा जितेंद्र रावत के खेत के बीच कर दिया था। जिस पर आपत्ति जताते हुए जितेन्द्र पर पट्टे को दुरुस्त कराकर अपने हक में करा लिया। दोनों के बीच विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि जितेंद्र रावत गत दिवस अपने खेत को जुतवा रहा था। सुरेश पुत्र नवल सिंह परिहार निवासी ग्राम नरौआ खेत पर पहुंच गया और अपना हक जताते हुए खेत को जोतने से मना करने लगा। जिसको लेकर दोनों के बीच मुंहवाद हो गया। मुंहवाद के चलते जितेंद्र के परिजन उत्तम पुत्र रघुवर रावत, धनवंत पुत्र घनसुंदर रावत, राहुल पुत्र उत्तम रावत, बादल पुत्र जितेंद्र रावत, मनीष पुत्र घनसुंदर रावत, नरेंद्र पुत्र पंजाब रावत, गजेंद्र पुत्र हरनाम रावत और हरनाम पुत्र चंदन रावत लाठी लुहांगी और फरसा लेकर खेत पर पहुंच गए और सभी एकराय होकर फरियादी पर हमला कर दिया। लड़ाई होती देख लीलावती, चेतन, राजकुमार, जामवती, ज्योति, शीला और संतोष बीच-बचाव करने पहुंची तो सभी ने मिलकर इनके साथ भी मारपीट की, जिससे यह लोग घायल हो गए। शनिवार को फरियादी थाने पहुंचा और सभी लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।






Be First to Comment