Press "Enter" to skip to content

गौशाला क्षेत्र में कट रही अवैध कॉलोनी की अधिकारियों तक पहुँची शिकायत | Shivpuri News

शिवपुरी। शहर में प्रशासन की नाक के नीचे बड़े पैमाने पर काटी गई अवैध कालोनियों के मामले में प्रशासन ने महज आधा सैकड़ा भू माफियाओं की सूची जारी कर रस्म अदायगी की है। जबकि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में काटी जा रही अवैध कालोनियों पर नजर डाली जाए तो इनकी संख्या कई सैकड़ों में दिखाई दे रही है। शहर के भीतर और आउट एरिया वाले क्षेत्र गौशाला में भी बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कॉलोनी काटने का खेल भू माफियाओं द्वारा खेला जा रहा है। जिनमें किसी भी तरह के कोई नियम का पालन न करते हुए शासकीय गुल्लक को लाखों रुपए का चूना माफिया द्वारा लगाया जा रहा है। बताया जाता है कि गौशाला व शहर के अधिकांश क्षेत्रों में खेती की जमीन पर भी भू माफियाओं द्वारा एक बड़े ही सुनियोजित ढंग से कालोनियां काटी जा रही है। यहां पर भोले भाले लोगों को यह कहकर गुमराह किया जा रहा है कि उनके द्वारा उक्त भूमि पर सभी नियमों का पालनकर कालोनी काटी जा रही है साथ ही उन्हें नियमानुसार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह झूठे झांसे देकर भूमाफिया भोले-भाले लोगों से मोटी रकम ऐंठ रहे हैं। जबकि सच्चाई इससे पूर्णत विपरीत है गौशाला क्षेत्र में जो कुछ चल रहा है वह मुख्यमंत्री के निर्देशों को चुनोती है। यहां पर एक पूरा का पूरा रैकेट सक्रिय है जिसके द्वारा यहां शासकीय जमीन को खुर्दबुर्द कर बारे न्यारे किए जा रहे है। गौशाला में चल रहे अवैध कलोनाइजेशन में न ही तो किसी नियम का पालन किया गया है और न ही यहां रोड सहित आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बावजूद इसके यहां पर भी बड़े पैमाने पर कॉलोनी काटे जाने का खेल पिछले लंबे समय से खेला जा रहा है। बताया जाता है कि इस क्षेत्र में काटी जा रही अवैध कालोनियों की शिकायत प्रशासन के आला अधिकारियों से उन लोगों द्वारा कर दी गई है जिन्हें भू माफियाओं ने झूठे झांसे देकर यह प्लॉट बेचे हैं। देखना यहाँ यह है कि प्रशासन यहां पर किस हद तक कार्यवाही का चाबुक चला पाता है या फिर मुंह में दही जमाए हाथ पे हाथ रखे बैठा रहेगा।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!