शोपीस बनी नालियाँ : नवाब साहब रोड की नालियों में गंदगी साफ नहीं हुई तो सड़क पर भी आई गंदगी | Shivpuri News

नालियाें की सफाई नहीं कराई, एक घंटे में 36 मिमी. बारिश से कई जगह पानी भरा, सड़कों पर आई गंदगी

शिवपुरी। मानसून ने दक्षिण मध्यप्रदेश के जिलों में सोमवार से आमद दर्ज करा दी है। शिवपुरी जिले तक आने में मानसून को अभी दो से तीन दिन का वक्त लग जाएगा। इससे पहले मंगलवार को शिवपुरी शहर में एक घंटे तेज बारिश हुई। प्री-मानसून की यह दूसरी दफा अच्छी बारिश हुई है। एक घंटे के भीतर 1.41 इंच (36 मिमी) बारिश दर्ज की गई है। तेज बारिश के चलते शहर में नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आ गई। सफाई नहीं होने से पहले से चौक पड़ी नालियों से पानी नहीं निकल सका। हालात यह रहे कि शहर में जगह-जगह पानी भर गया और लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों में समाई गंदगी पानी के साथ बहकर सड़कों पर आ गई। नगर पालिका की सफाई व्यवस्था से लोगों में गुस्सा है।

जानकारी के अनुसार दक्षिण मध्यप्रदेश के जिलों में मानसून की दस्तक के साथ शिवपुरी जिले में बादल छा गए। मंगलवार की दोपहर 3.30 बजे से अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का सिलसिला शाम 4.30 बजे तक चला। इस दौरान 36 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। बादल छंटने के साथ लोग सड़कों पर आए तो जगह जगह पानी भर गया। जिससे लोगों को आने जाने में काफी तकलीफ होती रही। सफाई के अभाव में चौक नालियों के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। सफाई के नाम पर नगर पालिका शिवपुरी में 380 से ज्यादा का स्टाफ है। इसके बाद भी नालियों की सफाई नहीं कराई जा रही है। चौपट पड़ी सफाई को लेकर खुद प्रभारी मंत्री भारी नाराज हैं।

नवाब साहब रोड पर डामरीकरण के साथ चौड़ी नालियां बनाईं हैं। नालियों को ढक दिया है, लेकिन जगह-जगह खुली नालियों में कचरा भर गया। पहले से चौक नालियों की सफाई पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह हुआ कि अजाक थाना परिसर में काफी पानी भर गया। नालियों से पानी फूटकर सड़क पर बहता नजर आया। इसी तरह नगर पालिका कार्यालय के पास चौड़ी नालियों में पेड़ों व पॉलीथिन कचरा जगह-जगह इकट्ठा हो गया। पानी नाली की जगह सड़क पर बहता नजर आया।