


शासकीय कार्यालय नहीं सुरक्षित, एसपी कार्यालय के समीप चोरों ने चटकाए ट्रेजरी कार्यालय के ताले
सामान मिला अस्त व्यस्त, अधिकारी बोले-जांच करा रहे क्या गया है चोरी
सामान मिला अस्त व्यस्त, अधिकारी बोले-जांच करा रहे क्या गया है चोरी
शिवपुरी। शनिवार-रविवार रात चोरों ने शासकीय कार्यालय को निशाना बनाया। चोरों ने एसपी ऑफिस के नजदीक ट्रेजरी कार्यालय के ताले तोड़ दिए। रविवार सुबह जब एक बाबू कार्यालय के सामने से गुजरा और उसने ताले टूटे देखे तो इसकी जानकारी ट्रेजरी ऑफिसर छवि जैन को दी। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की।
अलमारी खुली हुई और फाइलें पड़ी हैं बिखरी
ट्रेजरी कार्यालय में अलमारियों के ताले टूटे पड़े हैं। फाइलें बिखरी पड़ी हुई हैं। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों ने कैश आदि के चक्कर में अलमारियों के ताले तोड़े और फाइलों को तितर बितर कर दिया है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने देखा तो फाइलें इधर उधर पड़ी थीं और अलमारियां भी खुली पड़ी थीं। ऐसे में पुलिस अधिकारी अंदाजा लगा रहे हैं कि कहीं कोई साजिश तो नहीं। किसी ने कोई फाइल आदि चुराने के लिए ट्रेजरी कार्यालय के ताले तोड़े हों।
एसपी ऑफिस से चंद कदम की दूरी पर ट्रेजरी कार्यालय है। यहां उसके आसपास कई सरकारी कार्यालय हैं। ऐसे में कई सरकारी कार्यालयों में रात के समय चौकीदार भी रहते हैं और एसपी आफिस में भी रात के समय जवान तैनात रहते हैं। ऐसे में चोरों ने एसपी आफिस से चंद कदम की दूरी पर ही चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
अधिकारी बोलीं- क्या क्या गया है, करा रहे हैं जांच
ट्रेजरी ऑफिसर छवि जैन का कहना है कि आज रविवार है। अब यह दिखवाया जा रहा है कि कार्यालय से क्या क्या चोरी हुआ है, इसकी जांच करा रहे हैं, उसके बाद ही बता पाएंगे कि कार्यालय से क्या क्या चोरी गया है। कैश रहता नहीं है। दस्तावेज भी बिखरे पड़े हैं। ऐसे में देख रहे हैं कि कहीं कोई शासकीय दस्तावेज तो चोरी नहीं हो गए।
आरआई से लेकर एसडीओपी सहित कई अधिकारियों के निवास भी
ट्रेजरी कार्यालय से चंद कदमों की दूरी पर आरआई का निवास है, जबकि आरआई के निवास से थोड़ा आगे यातायात थाना सहित एसडीओपी निवास हैं। ट्रेजरी कार्यालय के समीप ही रजिस्ट्रार कार्यालय हैं। अन्य अधिकारियों के निवास भी हैं, ऐसे में वहां चौकीदार भी तैनात रहते हैं, ऐसे में शासकीय कार्यालय को निशाना बनाया जाना चुनौती है।
स्टोर रूम में रहते हैं गार्ड
ट्रेजरी कार्यालय के पीछे की ओर स्टोर रूम भी हैं और इस स्टोर रूम में दो गार्ड दिन में और दो गार्ड रात के समय रहते हैं। ऐसे में यह गार्ड स्टोर रूम पर ही ड्यूटी देते हैं, जबकि ये लोग रात के समय ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी भी स्टोर रूम पर दे रहे थे, लेकिन आगे के हिस्से में बने ट्रेजरी कार्यालय में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।






Be First to Comment