Press "Enter" to skip to content

भारतीय नव संवत् को उत्साहपूर्वक मनाएं: अग्रवाल | Shivpuri News

विक्रम संवत् 2076 का शुभारंभ 6 अप्रैल से
शिवपुरी। समाजसेवी संस्था भारत विकास परिषद् वीर तात्याटोपे के सदस्य अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा है कि आमजन भारतीय नव संवत् को उत्साहपूर्वक मनाएं। इस दिन को अपने परिवार, मित्रों, सहयोगियों के साथ मिलकर ऐसा कोई आयोजन करें जिससे जन-जन में इस दिवस के महत्व का संदेश पहुंच सके। उन्होंने बताया कि नव सम्वत्सर का आयोजन भारत विकास परिषद का भव्यतम प्रकल्प है। राष्ट्र्रीय स्वाभिमान और गरिमा के लिए यह आवश्यक है कि हम स्वदेशी सम्वतसर को ही महत्व दें। इन दिन हम अपने मित्रों, सहयोगियों एवं परिजनों को नव वर्ष की बधाई दें ताकि राष्ट्रीय अस्मिता के लिए यह पर्व उपयोगी सिद्ध हो।
श्री अग्रवाल ने बताया कि हमें अपने सभी मांगलिक कार्य इसी संवत (विक्रमी संवत) से करना चाहिये यदि हम अपनी सांस्कृतिक विरासत को बचाना चाहते हैं। आगामी चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 2076 तदनुसार 6 अप्रैल 2019 से विक्रम संवत का शुभारंभ हो रहा है इस दिन को हम सब मिलकर इसे उत्साहपूर्वक मनाने में लिए कोई न कोई कार्यक्रम अवश्य करें। उन्होंने कहा क िहमारा नव वर्ष सूर्योदय से प्रारंभ होता है, मध्य रात्रि से नहीं। अत: सूर्योदय से 10 मिनट पूर्व से लेकर 5 मिनट पश्चात तक अपने घर एवं मंदिरों में सामूहिक रूप से या अकेले ही घंटे, घंटियां बजाकर या शंखनाद करकेे नव वर्ष का स्वागत करें एवं प्रभात फेरियां निकालें। सुप्रभात बेला में मिश्री, नीम की कोपलें व काली मिर्च का सेवन करें। अपने घर, दुकान, मंदिर, वाहन इत्यादि की सजावट करें, ओ3म का पताका फहराएं। व्यक्तिश: दूरभाष, बधाई कार्ड के माध्यम से नव वर्ष की बधाईयां दें। अपने घरों में कोई विशेष मिष्ठान्न बनाएं। प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग्स, बैनर लगाएं। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर गोष्ठी, कवि सम्मेलन का आयोजन करें। दूरस्थ रहने वाले अपने प्रियजनों, मित्रों इत्यादि को शुभकामना पत्रिकाएं भेजें। प्रमुख चैराहों पर रंगोली सजाएं, लोगों को तिलक लगाएं, ठंडाई पिएं व पिलाएं। सायंकाल जलाशयों में सामूहिक दीपदान का कार्यक्रम करें। नव वर्ष की जानकारी से संबंधित पत्रक छपवाकर आम जनता में वितरित करें। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि वे सब मिलकर भारतीय नव संवत के शुभारंभ को हर्षोल्लास के साथ एक पर्व के रूप में मनावें।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!