
वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत जहां एक ओर भारत सरकार एवं मध्य प्रदेश सरकार का पूरा ध्यान इस बात पर लगा हुआ है कि सभी शहर, गांव, गलियां पूर्ण रूप से स्वस्थ एवं साफ-सुथरे रहे. शिवपुरी शहर में बढ़ती गंदगी एवं अव्यवस्था के संबंध में असंतुष्टि जाहिर करते हुए शिक्षाविद एवं समाजसेवी डॉ रामजी दास राठौर ने बताया कि विशिष्ट लोगों के आगमन पर शहर की मुख्य सड़कों को पूर्ण रूप से साफ कर दिया जाता है लेकिन आम जनता की सुविधाओं की यदि बात की जाए तो शिवपुरी नगर पालिका द्वारा केवल मुख्य सड़कों की सफाई पर ध्यान दिया जाता है. जहां कचरा गाड़ी के माध्यम से भी प्रतिदिन कचरे का संग्रह किया जाता है. लेकिन यदि शहर की तमाम गलियों की यदि बात की जाए तो आप किसी भी गली में चले जाइए यदि उस गली में कहीं पर भी पुराना खाली मकान, प्लॉट या अन्य जगह खाली है तो वहां नगर पालिका द्वारा कचरे का ढेर लगा दिया जाता है और वह कचरे का ढेर कई महीनों तक वहां से इसलिए नहीं हटाया जाता क्योंकि वह प्राइवेट प्रॉपर्टी में है. शिवपुरी शहर के कस्टम गेट के पास नर्सिंग मेडिकल की गली में पुरानी पाटोर, खाली प्लॉट एवं खाली चबूतरे पर पिछले 10 महीनों से गंदगी का ढेर लगा हुआ है. जिसकी शिकायत नगर पालिका को कई बार की जा चुकी है लेकिन नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी इसकी सफाई की ओर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं.
अब प्रश्न यह है कि हमारे पास इतनी बड़ी व्यवस्था होने के बावजूद भी यदि हम शहर को साफ सुथरा नहीं रहेंगे तो बीमारियों का बढ़ना स्वाभाविक है. एक और जहां भयंकर बीमारियों की बाढ़ आ रही है वहीं दूसरी ओर नगर पालिका द्वारा अपने कर्तव्य से विमुख होना उचित नहीं है. आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बिना किसी भेदभाव के शहर की संपूर्ण गलियों की साफ सफाई की व्यवस्था की जानी चाहिए. शहर में कई सकरी गलियां हैं जहां ट्रैक्टर ट्रॉली नहीं पहुंच सकती है, वहां पर छोटे कचरा वाहनों द्वारा कचरे के ढेरों को हटाया जा सकता है.
यदि नगरपालिका द्वारा इस तरह का प्रयास किया जाता है तो वह काबिले तारीफ होगा और हमारा शहर स्वच्छता में किसी पायदान पर आ सकता है. अन्यथा की स्थिति में केवल कागजों में शहर को सुंदर बनाया गया है हकीकत की स्थिति में शहर बद से बदतर होता जा रहा है.जिसमें नगर पालिका की भी महत्वपूर्ण भूमिका है. अतः आम नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल शिवपुरी नगर पालिका द्वारा समस्त शहर की गलियों में व्याप्त गंदगी को व्यवस्थित तरीके से हटाना चाहिए.




