मतपत्र मुद्रण कार्य के दौरान पूरी सावधानी एवं सर्तकता बरतें | Shivpuri News

मतपत्र मुद्रण कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न
शिवपुरी।अपर कलेक्टर श्री आर.एस.बालोदिया ने मतपत्र मुद्रण कराए जाने हेतु गठित दल के सदस्यों को निर्देश देते हुए कहा कि मतपत्र मुद्रण का कार्य महत्वपूर्ण कार्य है। इस कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्य को पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा और पूरी सतर्कता के साथ करें। श्री बालोदिया ने उक्त आशय के निर्देश आज जिला पंचायत कार्यालय पोहरी शिवपुरी में मतपत्र मुद्रण कार्य में लगे अधिकारियों के प्रशिक्षण में दिए। 
प्रशिक्षण में जिला कोषालय अधिकारी श्री एम.एल.नोटिया, मास्टर ट्रेनर्स के रूप में प्रो.एस.एस.खण्डेलवाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी श्री ओ.पी.पाण्डे सहित मतपत्र कार्य में लगे अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अपर कलेक्टर श्री बालोदिया ने कहा कि मतपत्र मुद्रण कार्य में लगे अधिकारी मतपत्र मुद्रण उपरांत मिलान करने एवं गणना करते वक्त विशेष सावधानी एवं सर्तकता बरतें। मतपत्रों के मिलान एवं जांच के दौरान उम्मीदवार का नाम, चुनाव चिन्ह और दल के नाम का विशेष ध्यान रखें। जरा सी मानवीय भूल बड़ी समस्या पैदा कर सकती है। प्रशिक्षण में प्रो.खण्डेलवाल ने दल के सदस्यों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा इस संबंध में दिए गए दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। 
जिला कोषालय अधिकारी एवं मतपत्र मुद्रण के नोडल अधिकारी श्री एम.एस.नोटिया ने बताया कि मतपत्र मुद्रण के कार्य में लगभग 50 अधिकारी एवं कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएगी।