शिवपुरी। गर्मी पड़ते ही शहर में जलसंकट तेजी से गहराने लगा है। टयूबवैलों में जलस्तर नीचे चला गया है और अधिकांश टयूबवैल दम तोड़ चुके हैं। जबकि सिंध का पानी अभी भी शिवपुरीवासियों के लिए सपना बना हुआ है। हालांकि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का दावा है कि 15 से 20 अप्रैल तक पानी की सारी टंकियां सिंध के जल से भर जाएंगी, लेकिन जिस धीमी गति से काम चल रहा है उससे ऐसे आसार नजर नहीं आ रहे हैं। सिंधिया का यह भी दावा है कि जून के प्रथम सप्ताह तक घरों में सिंध का पानी टोंटी के जरिए पहुंच जाएगा, परंतु वितरण लाइन डालने का कार्य भी बहुत मंद गति से चल रहा है। जल संकट के कारण नागरिक परेशान हो रहे हैं और उन्हें रात रात भर जागना पड़ रहा है।
मड़ीखेड़ा पेयजल सप्लाई में घटिया पाइप लाइन एक समस्या बनी हुई है और अभी तक घटिया पाइप लाइन बदली नहीं गई जिसके कारण लगभग एक सप्ताह से शहर में पेयजल की सप्लाई बंद है। ऐसे में टयूबवैल और चांदपाटे का जल ही एक मात्र समाधान है, लेकिन अधिकांश टयूबवैल गर्मी के कारण दम तोड़ चुके हैं और जो थोड़े बहुत टयूबवैल चालू हैं उनमें भी जलस्तर तेजी से नीचे जा रहा है तथा पानी रूक रूक कर आ रहा है। जल संकट के कारण लोग रात रात भर जाग रहे हैं और लंबी लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हो रहे हैं। हालांकि नगरपालिका का दावा है कि अभी 42 छोटे टैंकर प्रभावित इलाकों में पेयजल सप्लाई कर रहे हैं और जल्द ही 20-25 टैंकर और बढ़ाए जाएंगे।





Be First to Comment