
शिवपुरी। जमीन बंटवारे के एवज में 3 हजार रुपए की रिश्वत लेने वाले पटवारी को न्यायालय ने पांच साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 7 हजार का अर्थदंड भी लगाया है। कोरोना संक्रमित निकलने पर पटवारी को जिला अस्पताल शिवपुरी में भर्ती कराया गया है।
अभियोजन के अनुसार 24 दिसंबर 2014 को आवेदक योगेश कुशवाह पुत्र दारासिंह कुशवाह निवासी मायापुर किशनपुर तहसील नरवर जिला शिवपुरी ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त ग्वालियर में शिकायत की थी कि उसकी दादी बनिया बाई का स्वर्गवास हो गया है। नरवर तहसील के पटवारी हल्का नंबर-9 गांव किशनपुर में रकवा 0.61 हेक्टेयर भूमि का बंटवारा उसके पिता दारासिंह और बुआ रामबाई व विद्याबाई के बीच होना है। पटवारी मनमोहन सिंह ने बंटवारे के लिए 20 हजार रुपए मांगे। लोकायुक्त पुलिस ने 26 दिसंबर 2014 को ग्राम मंगरौनी में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया था।




