Press "Enter" to skip to content

गुना-शिवपुरी में भाजपा को लगा झटका, पूर्व मंत्री भैया साहब लोधी ने थामा कांग्रेस का दामन | Shivpuri News

सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समक्ष कांग्रेस में हुए शामिल

शिवपुरी। लोकसभा चुनाव से पहले गुना-शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को कांग्रेस ने झटका दिया है। बुधवार को पूर्व मंत्री और भाजपा नेता भैया साहब लोधी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में बम्बई कोठी पर भैया साहब लोधी ने अपने पुत्र दिनेश लोधी के साथ कांग्रेस ज्वाइन कर ली। इस दौरान भैया साहब लोधी ने कहा कि वह भाजपा में घुटन महसूस कर रहे थे और अपने पुराने परिवार में वापस लौट आए हैं। गौरतलब है कि भैया साहब लोधी मध्य प्रदेश में कांग्रेस की मोतीलाल सरकार के समय सिंचाई मंत्री रहे हैं और वर्ष 1998 उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। भैया साहब लोधी की कांग्रेस में वापसी पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनका सिंधिया परिवार से पुराना नाता है और इस परिवार में वह वापस आ गए हैं। भैया सब लोधी की कांग्रेस में वापसी को लेकर पिछले कई दिनों से अटकलें चल रही थी। उन्हें कांग्रेस में वापस लाने में पार्टी के प्रदेश सचिव विजय शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विजय शर्मा ने बताया कि भैया साहब लोधी सिंधिया परिवार के पुराने सदस्य रहे हैं और पूर्व में वह किसी कारण से इस परिवार से दूर हो गए थे लेकिन अब वह पुनः अपने घर लौट आए हैं।

*दल बदलू की रही है छवि*

भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले पूर्व मंत्री भैया साहब लोधी की छवि दल बदलू की रही है। वर्ष 1998 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। पिछोर से भाजपा से दो बार टिकट मिलने के बाद वर्ष 2008 में उन्होंने भाजपा को छोड़ दिया था और वह पूर्व सीएम उमा भारती की पार्टी जनशक्ति से भी चुनाव लड़ चुके हैं। चुनाव में हार के बाद वह जनशक्ति से भाजपा में वापस आ गए थे और एक बार फिर से वह कांग्रेस में चले गए हैं। बार-बार पार्टी बदलने के कारण उन पर दलबदलू की छाप लगी है। अब देखना यह है कि इस लोकसभा चुनाव में वह किस तरह से कांग्रेस के लिए उपयोगी रहते हैं।

*वह पहले से ही कांग्रेसी मानसिकता के थे- सुशील रघुवंशी*
भैया साहब लोधी के पार्टी छोड़ने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। वह पहले से ही कांग्रेसी मानसिकता के थे। हमारी पार्टी ने तो उन्हें सम्मान ही दिया था। वह पार्टी छोड़ कर चले गए हैं तो इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।

*सुशील रघुवंशी*
*भाजपा जिला अध्यक्ष शिवपुरी*

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!