Press "Enter" to skip to content

नाती की सगाई करने आया बुजुर्ग कुएं में गिरा, मौत / Shivpuri News

शिवपुरी। नाती की सगाई करने शिवपुरी तहसील के कपराना गांव आया बुजुर्ग रात के अंधेरे में कुएं में गिर गया। कुएं में गिरने से बच्चू कुशवाह की मौत हो गई है। लघुशंका के लिए जाते वक्त कुएं में गिरने की बात सामने आ रही है। सिरसौद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
बच्चू कुशवाह (60) पुत्र रतनलाल निवासी ग्राम बेरजा तहसील बैराड़ अपने नाती के लिए लड़की देखने बुधवार को शिवपुरी तहसील के कपराना गांव आया था। बताया जा रहा है कि लड़की पसंद आने पर बुजुर्ग गांव में ही रुक गया और महिलाएं बधाई गीत गाने लगीं। भोजन करने के बाद लघुशंका करने बच्चू कुशवाह घर के नजदीक चला गया। अंधेरे के कारण कुआं नजर नहीं आया और सूखे कुएं में गिर गया। करीब 15-20 मिनट तक बच्चू कुशवाह नजर नहीं आया तो लोग ढूंढ़ने लगे। कुएं के पास पहुंचकर देखा तो नीचे बच्चू कुशवाह पड़ा हुआ था। लोगों ने कुएं से बच्चू को बाहर निकाला और शिवपुरी के प्राइवेट अस्पताल ले गए। यहां से रात 2:15 बजे जिला अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!