
खुद के अपहरण की सूचना देने वाला युवक लौटा घर
पुलिस पर एक और बंधक युवक और भैंसों को लेकर उठ रहे सवाल
शिवपुरी। शहर की फक्कड़ कॉलोनी से शनिवार को शौच की कहकर लापता हुआ सोनू पुत्र किशन रजक मंगलवार को घर लौट आया। आते ही उसने परिजनों को वही कहानी दोहरा दी। शौच गया था, तीन आदमी भैंसों को ले जा रहे थे, उनके साथ एक युवक हाथ पैर बंधा हुआ था। मुझे देखकर पीछे पड़ गए, पकड़ लिया। गाड़ी में डाला और एक ढाबे पर जब खाने की पूछी तो चंगुल से भाग आया। तेलंगाना जा पहुंचा था।
22 साल के सोनू की कहानी परिजनों को भले ही सच्ची लग रही हो, लेकिन लोगों को उसके अपहरण की कहानी में झोल नजर आ रहा है। सबसे पहले तो खिन्नाी नाका क्षेत्र के व्यस्त इलाके से कैसे कोई किसी को अपहरण कर सकता है। फिर कम समय में कैसे तेलंगाना तक पहुंचा जा सकता है। इन सब सवालों के बीच परिजनों ने अब बुधवार को एसपी राजेश सिंह चंदेल से मिलने का मन बनाया है, क्योंकि उनका कहना है कि भले ही हमारा बेटा झूठ बोल रहा हो, लेकिन कहानी सच भी हो सकती है। उसे फिर न कोई अपहरण कर ले और फिर एक दूसरे युवक के साथ होने की बात सोनू कह रहा है। वह कौन है, क्या उसकी भी किसी थाने में गुमशुदगी है। या फिर वह भैंसें किसकी थीं। यही सब सवालों को लेकर परिजन एसपी के पास जाने की बात कह रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि सोनू के लापता होने के बाद से हम लगातार फिजिकल थाने गए, लेकिन पुलिस ने जरा भी गंभीरता नहीं दिखाई। कोई केस तक दर्ज नहीं किया। भला हो कि सोनू लौट आया। यदि उसे कुछ हो जाता तो क्या करते। उन्हें यह भी डर सता रहा है कि फिजिकल पुलिस ने सोनू के लापता होने पर उसे युवती के साथ भाग जाने की बात भी कही थी। कहीं पुलिस उसे किसी मामले में झूठा न फंसा दे।






Be First to Comment