Press "Enter" to skip to content

सिंधिया परिवार से जुड़ीं नीलू शुक्ला ने एक्टिव पार्षद रहते कराए विकास कार्य, जिलाध्यक्ष रहीं तो जोड़ा महिलाओं को / Shivpuri News

शिवपुरी। नगर पालिका शिवपुरी के अध्यक्ष पद की दावेदारी में कई महिलाओं के नाम सामने आने लगे हैं। आवाम की बात करें तो वह एक्टिव महिला को अध्यक्ष बनाने की मंशा रखती है जो खुद अपने बूते पर लड़ाई लड़ सके और परिषद में बात को रखने के बाद जमीनी सतह पर विकास भी करा सके। ऐसी महिलाओं में शामिल नीलू शुक्ला का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। शिवपुरी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 2 से महिला पार्षद रहते हुए एक करोड़ से ज्यादा की सड़कें और वार्ड की विभिन्न गलियों में सीसी सड़क डलवाने से एकाएक सुर्खियों में आई नीलू शुक्ला ने वार्ड में पेयजल से लेकर अन्य विकास कार्य कराए थे। उन्हें पार्षद का टिकट राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया था। सिंधिया परिवार की बेहद करीबी और उन्हीं के आशीर्वाद से राजनीति में आई नीलू ने सिंधिया का विश्वास हासिल करते हुए महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी बखूबी निभाई थी। उन्होंने अध्यक्ष पद पर रहते हुए पूरे जिले में महिलाओं को जोड़ने का काम किया जिससे लोगों के बीच उन्हें खासी पहचान मिली। अब जबकि नगर पालिका के चुनाव में सामान्य महिला चुनाव लड़ेंगी तब सिंधिया के साथ भारतीय जनता पार्टी में आई नीलू शुक्ला का नाम भी जोर शोर से उमीदवार के तौर पर लिया जा रहा है। परिषद में मुखरता से अपना पक्ष रखने वाली और जनता के लिए लड़ाई लड़ने वाली शालीन महिलाओं में शुमार नीलू शुक्ला शहर के विकास की मंशा पाले हुए हैं और उनका कहना है कि राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिक्षा मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया का आशीर्वाद मिला तो उन्हीं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शहर के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। पूरी इमानदारी और रोडमैप तैयार करके वे नगर के विकास कार्य में जुट जाएंगी। नीलू वर्तमान में भाविप की वीरांगना शाखा की सदस्य हैं। परिवार से लेकर सामाजिक जिमेदारी निभाने में अग्रणी नीलू विपिन शुक्ला को बीजेपी से टिकिट देने की मांग कई सामाजिक संगठनों ने की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!