
शिवपुरी: शिवपुरी में पहली बार आयोजित होने जा रही महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण पर आधारित श्रीराम कथा की तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न जाति-बिरादरी के साथ-साथ महिला, पुरुष और बच्चों के लिए वार्ड-वार्ड जनसंपर्क अभियान भी चलाया जा रहा है। विद्वान वक्ता अंजली आर्या द्वारा वाचन की जाने वाली इस श्रीराम कथा की तैयारियों के तहत स्थानीय दुर्गा मठ में कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरिष्ठ लेखक और विचारक श्री प्रमोद भार्गव ने मुख्य रूप से कहा कि आज समाज में बढ़ती अशांति और विकृतियों का समाधान राम के चरित्र को घर-घर पहुंचाने में है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण के माध्यम से जनजागरण की उम्मीद जताई और कहा कि इससे समाज में विघटन की स्थिति को समाप्त किया जा सकता है।

प्रसिद्ध संगीतकार और कलाकार अशोक मोहिते ने राम के गुणों को आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि केवल नाम लेने से कुछ नहीं होगा, बल्कि महापुरुषों के जीवन चरित्र को समझकर उनके गुणों को अपनाने से ही जीवन में सार्थकता आ सकती है।

राम कथा के मुख्य यजमान बिल्लू चावला और उमेश शर्मा ने अब तक हुए कार्यों की जानकारी दी। बैठक में यह भी तय हुआ कि कला से जुड़े लोग एक प्रदर्शनी आयोजित करेंगे, जबकि साहित्य और संस्कृति से जुड़े लोग राम भजनों और काव्य गोष्ठियों के माध्यम से जनजागरण करेंगे। बैठक में नमन विरमानी और चिरायु भुगरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। आभार पंकज गर्ग ने प्रकट किया, जबकि संचालन आशुतोष ओज ने किया।






