Press "Enter" to skip to content

गर्ल्स कॉलेज में हुआ कार्यक्रम का आयोजन, प्राचार्य बोले- प्राथमिकता तय करो, सफलता आपके कदम चूमेगी / Shivpuri News

शिवपुरी। जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करना है तो बहुत मेहनत करनी पड़ती है। सफलता हासिल करने के लिए सिर्फ टाइम मैनेजमेंट की जरूरत है। यदि हमने लक्ष्य ठान लिया और सफलता हासिल करने के लिए सही दिशा में प्रयास शुरू कर दिए तो फिर आपका सफल होना तय है। मुझे भी तो ऐसे ही सफलता मिली। मैं भी आप सभी बेटियों की तरह एक बेटी हूं, आप भी कुछ करके दिखाइए, कल आप भी अन्य छात्राओं के लिए नजीर होंगी। यह बात प्रियदर्शनी इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय में आयोजित हुई कैरियर काउंसिलिंग के दौरान छात्राओं को अपने अनुभव सुनाते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग की सहायक संचालक निकिता ताम्रे ने कही।

उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए कोई दूसरे जहां से लोग नहीं आते, हम ही में से वह होते हैं। यदि आपको भी सफलता हासिल करनी है तो कड़ी मेहनत कर लक्ष्य बनाना होगा। कार्यक्रम को संबोधित कर बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर ने कहा कि सफलता हासिल करने के 3 सूत्र है। त्याग, तपस्या और समर्पण यदि आपने भौतिक सुख-सुविधाओं को पढ़ाई के दौरान त्याग किया, अधिक समय तक लगातार अध्ययन के लिए सब चीजों का त्याग किया और जिस विषय को आप पढ़ रहे हैं उसको समर्पण के साथ पढ़ा तो निश्चित रूप से आपको सफलता मिलना तय है। यदि आप इन 3 सूत्रों से विमुख होंगे तो हमेशा संघर्ष करते नजर आएंगे। और यदि इन तीन सूत्रों को यदि आपने जीवन का हिस्सा बनाया तो सफलता आपके कदम चूमेगी।

आयोजन के दौरान प्राचार्य डॉ एनके जैन ने कहा कि हम हमेशा अपनी प्राथमिकताएं तय करने में कंजूसी करते हैं। यदि हमने योग्यता के हिसाब से अपनी प्राथमिकताएं तय की तो वह दिन दूर नहीं है जब हम हर क्षेत्र में सफल हो सकते हैं। फिर चाहे वह पढ़ाई का क्षेत्र हो या फिर कोई अन्य। आयोजन के दौरान विवेकानंद कैरियर काउंसलिंग के जिला प्रमुख डॉ एस एस खंडेलवाल, महिला बाल विकास के उपसंचालक आकाश अग्रवाल, जिला रोजगार अधिकारी स्वप्निल श्रीवास्तव ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का सफल संचालन विवेकानंद कैरियर काउंसिल की महाविद्यालय प्रमुख डॉक्टर ज्योत्सना सक्सेना ने किया।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!