– केंद्रीय विद्यालय में हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित हुई प्रतियोगिता के पुरस्कारों का हुआ वितरण
शिवपुरी। शिवपुरी जिला मुख्यालय पर केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी में हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित की गईं विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम शनिवार को आयोजित किया गया। स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल एसटीएस के डीआईजी आरएस वत्स ने यहां पर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले स्कूली बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर आइटीबीपी एसटीएस डीआईजी आरएस वत्स ने कहा कि आज हिंदी देश में ही नहीं विश्व में भी लोकप्रिय है। आज हम देखते हैं कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर जिसमें ईमेल, व्हाट्सएप, फेसबुक पर हिंदी को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकारी कार्यालयों में भी विशेष तौर पर अधिकारी- कर्मचारी हिंदी का प्रयोग कर रहे हैं इसलिए सभी लोगों को हिंदी को बढ़ावा देने के लिए आगे भी इस तरह के प्रयास जारी रखने चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल के प्राचार्य एसके शर्मा द्वारा बताया गया कि स्कूल में हिंदी पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। हिंदी के जानकार और वक्ताओं को बुलाया गया। छात्रों के बीच भी हिंदी को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित हुए । इस दौरान इन कार्यक्रमों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जा रहा है। हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को आइटीबीपी के डीआईजी द्वारा सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन विद्यालय के शिक्षक एमएम मिश्रा द्वारा किया गया।






Be First to Comment