Press "Enter" to skip to content

वधु पक्ष ने बेटी को विदा करने से किया इंकार, बोले- दहेज की मांग बढ़ती जा रही है, बेटी की जान को खतरा है / Shivpuri News

शिवपुरी। फिजिकल थाना अंतर्गत सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड के पास स्थित परिणय वाटिका में शिवपुरी निवासी एसडीओ आरईएस हरिओम श्रीवास्तव की बेटी आयुषी का विवाह शनिवार की रात श्योपुर निवासी उमेश सक्सेना के पुत्र गगनदीप के साथ हुआ था। समारोह में वर-वधु पक्ष में दहेज की मांग सहित, बारातियों के स्वागत, बुजुर्गों के सम्मान, स्टेज पर फोटो खींचने जैसे तमाम मुद्दों पर विवाद हो गया और सुबह होते-होते मामला इतना बढ़ गया कि वधु पक्ष ने बेटी की विदाई करने से मना कर दिया। मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो कोतवाली थाना प्रभारी सुनील खेमरिया और देहात थाना प्रभारी विकास यादव मौके पर पहुंच गए।

सुबह से देर शाम तक पुलिस ने वर-वधु पक्ष में राजीनामा करवाने का काफी प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी और वधु पक्ष बेटी को साथ लेकर अपने घर चला गया। वहीं दूसरी ओर वर पक्ष ने वधु पक्ष के खिलाफ बंधक बनाने सहित, चढ़ावे के जेवर आदि रखने की शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि वधु पक्ष की तरफ से फिलहाल कोई शिकायत सामने नहीं आई है।

लगन से ही बढ़ने लगी थी दहेज की भूख
वर पक्ष से जुड़े लोगों की मानें तो लगन में वधु के परिजन तीन लाख रुपए नगद सहित अन्य सामान आदि लेकर पहुंचे थे। वहीं से वर पक्ष ने दहेज की मांग करना शुरू कर दी थी। इसके बाद कभी टीके के नाम पर तो कभी कपड़ों के नाम पर, कभी सम्मान के नाम पर पैसों की मांग कर वधु पक्ष से दहेज की मांग की जा रही थी। वधु पक्ष का कहना है कि उन्हें डर है कि कहीं दहेज की भूख मिटाने के फेर में उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी घटना घटित न हो जाए। यही वजह है कि उनकी बेटी जाना नहीं चाह रही है।

नशे में टुन्न बारातियों ने भी किया हंगामा
वधु पक्ष का आरोप है कि बारात में लड़के तो लड़के, लड़कियां भी शराब के नशे में टुन्न होकर आईं थीं। उन्होंने स्टेज पर फोटो सेशन को लेकर हंगामा किया और कमरे आदि को लेकर भी झगड़ा किया। जिसके चलते उन्हें रात में ही एक अन्य लॉज बुक कर रिश्तेदार वहां शिफ्ट करने पड़े।

कोतवाली टीआई सुनील खेमरिया का कहना है कि वर पक्ष की तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है, जिस पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। वधु पक्ष की तरफ से फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है। हमने दिन भर मामला सुलझाने और सुलह कराने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी।

More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!