शिवपुरी: बुंदेलखंड और मालवा के बाद भाजपा के अंदर खेमों की अनवन ग्वालियर-चंबल अंचल में भी तेज हो गई है। ऐसा ही मामला बुधवार को भोपाल में हुई कोर कमेटी की बैठक में सामने आया। यहां कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कहा, आप प्रभारी मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया से कहें, वे मेरी विधानसभा के किसी भी काम में दखल न दें। बैठक में शिवराज ने सभी विधायकों को अपनी समस्याएं बताने कहा था। इसी पर विधायक रघुवंशी ने कहा, विधानसभा चुनाव हमें जनता के बीच जाकर लड़ना है। मंत्री सिसौदिया उनकी विधानसभा में जो दखल करते हैं, वह सही नहीं है। मैं विधायक हूँ, पर यहां मंत्री अपने हिसाब से हर काम तय कर रहे हैं।
प्रभारी मंत्री सिसौदिया केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गुट से हैं। कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने मंत्री सिंधिया पर पिछले विधानसभा चुनाव में हराने का आरोप लगाकर कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में आ गए थे। जब सिंधिया भाजपा में आए तभी से ऐसे कई घटनाक्रम हो चुके हैं, जिनमें विधायक रघुवंशी मंत्री सिंधिया का नाम लिए बिना उन पर उपेक्षा का आरोप लगा चुके हैं।
यह बोले विधायक
कोर कमेटी की बैठक में मैंने स्पष्ट तौर पर मुख्यमंत्री से बोल दिया है कि प्रभारी मंत्री मेरी विधानसभा में दखल न दें। हर बात का जवाब हमको देना पड़ता है।
वीरेन्द्र रघुवंशी, कोलारस विधायक






Be First to Comment