शिवपुरी। एक बार फिर कोरोना महामारी को लेकर चिंता का माहौल बन गया है। इसका नया वैरिएंट मिलने के बाद तीसरी लहर की आशंका जताई जाने लगी है। हालांकि टीकाकरण भी बहुत तेजी से हुआ है और बड़ी आबादी को सुरक्षित किया जा चुका है, लेकिन तीसरी लहर की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है। कोरोना की पहली और दूसरी लहर में व्यापार को बड़ा नुकसान हुआ था। इसमें शादी समारोह से जुड़े व्यापारी दो साल तक घर ही बैठे रहे। जब आयोजनों से हर तरह की पाबंदी हटा ली गई है तो फिर से व्यापार चलने लगा है। लेकिन नए वैरिएंट के मिलने और पाबंदी लगने के डर से अब मैरिज गार्डन संचालकों ने नया नियम बना दिया है। शहर की मैरिज गार्डन और टेंट एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि अब मैरिज गार्डन बुक करने के लिए 50 फीसद बुकिंग अमाउंट देना होगा। साथ ही यह 50 फीसद की राशि बुकिंग कैंसल करने पर वापस भी नहीं होगी। दरअसल पहली और दूसरी लहर में सभी बुकिंग कैंसल हुई थीं और संचालकों को राशि लौटाना पड़ी थी। जिससे उन्हें दोहरा नुकसान हुआ। यदि तीसरी लहर आई तो वे इस बार नुकसान नहीं उठाना चाहते हैं जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। हालांकि एसोसिएशन के इस फैसले से जनता ज्यादा खुश नहीं है।
बुकिंग के समय करेंगे एग्रीमेंट
बुकिंग की राशि को लेकर बाद में किसी तरह से विवाद से बचने के लिए बकायदा एग्रीमेंट किया जाएगा। इसमें साफतौर पर शर्त होगी कि यदि शादी की बुकिंग रद्द की जाती है तो एडवांस बुकिंग की राशि वापस नहीं होगी। पहले 10-20 हजार रुपये में बुकिंग हो जाती थी, लेकिन अब यह राशि करीब 1 लाख रुपये होगी क्योंकि शहर के मैरिज गार्डनों की रेट औसतन 2 लाख रुपये हैं। कुछ चुनिंदा गार्डनों में यह लागत 4 लाख रुपये तक भी है। तो अब लोगों को बुकिंग के लिए ज्यादा कीमत चुकाना होगी। एग्रीमेंट इसलिए किया जाएगा कि बाद में रुपये लौटाने को लेकर किसी तरह का विवाद न हो।
इनका कहना है
अब 50 फीसद राशि के साथ ही बुकिंग होगी। यदि कोई इस शर्त के साथ बुकिंग नहीं कराना चाहता है तो हम भी बुकिंग नहीं लेंगे। पिछले दो साल में बहुत नुकसान हुआ है और व्यापारी अब नुकसान झेलने की स्थिति में नहीं हैं।
गोपाल गौर, सचिव मैरिज गार्डन एवं टेंट व्यापारी एसोसिएशन






Be First to Comment