Press "Enter" to skip to content

खेत से ट्रैक्टर पर सवार होकर लौट रही थी महिला, असंतुलित होकर नीचे गिरी, पहिए के नीचे दबने से हुई मौत / Shivpuri News

शिवपुरी: अमोला थाने के दीवट दिदावली गांव में शनिवार की रात खेत से लौटते वक्त महिला ट्रैक्टर से असंतुलित होकर गिर गई। ट्रैक्टर व ट्रॉली का पहिया शरीर के ऊपर चढ़ने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। मायके पक्ष इकट्ठा होकर आए और पीएम के बाद लाश अमोला थाने लेकर पहुंच गए। ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाने लगे। हालांकि बाद में सुलह हो गई.


जानकारी के मुताबिक वर्षा (25) पत्नी मुकेश पाल निवासी दीवट दिदावली शनिवार की रात 8:30 से 9 बजे के बीच खेत से भूसा भरवाकर ट्रैक्टर पर बैठकर घर लौट रही थी। ऊबड़ खाबड़ रास्ते में ट्रैक्टर से अचानक नीचे गिर गई। पहले ट्रैक्टर का पहिया शरीर पर चढ़ा, फिर ट्रॉली का पहिया भी शरीर से गुजर गया। पहियों के नीचे कुचलने से वर्षा पाल की मौके पर ही मौत हो गई।

ससुराल पक्ष ने मायके वालों को ग्राम दोंद तहसील झांसी सूचना दे दी। रविवार को शव पीएम के लिए करैरा भिजवा दिया। इधर मायके पक्ष की ओर से महिलाएं, बच्चे व पुरुष अमोला थाने आ गए। पीएम के बाद शव सीधे थाने लाए और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाने लगे। थाना प्रभारी संतोष भार्गव ने कहा कि पहले अंत्येष्टि करवा दें, फिर इत्मीनान से सुनवाई कर कार्रवाई करेंगे। आश्वासन के बाद अंत्येष्टि करा दी। करैरा विधायक प्रागीलाल दीवट गांव पहुंच गए। विधायक के हस्तक्षेप के बाद मायके पक्ष के लोगों ने विरोध बंद कर दिया.

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!