Press "Enter" to skip to content

मुंहबोले मामा ने नाबालिग भांजी को 6 लाख में बेचा: 15 दिन बाद बेटी का कॉल आया, रोते हुए बोली मम्मी मुझे बचा लो / Shivpuri News

शिवपुरी में मानव तस्करी का मामला सामने आया है। यहां एक मुंहबोले मामा ने नाबालिग भांजी को 6 लाख रुपए में दंबगों को बेच दिया। आरोपी उसके माता-पिता को उसे मेला घुमाने का कहकर ले गया था। एक सप्ताह तक वह बच्ची के माता-पिता को गुमराह करता रहा। 15 दिन बाद एक अनजान नंबर से बेटी ने जब मां को कॉल किया तो मामले का खुलासा हो सका। रोते हुए बेटी ने मां को बताया कि मामा ने दो लोगों के साथ मिलकर मुझे बेच दिया। गंदा काम कर रहे हैं। मम्मी-मुझे बचा लो। बच्ची के माता-पिता ने मंगलवार को एसपी से शिकायत की है।


मामला करैरा के अमोला थाना क्षेत्र के दीवट गांव का है। आदिवासी दंपती ने गांव के ही तीन युवकों पर आरोप लगाए है। दंपती ने मंगलवार को शिवपुरी एसपी राजेश सिंह चंदेल से बेटी को बचाने की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि मुलायम गुर्जर उनकी 14 साल की बेटी को 15 जनवरी को घुमाने के बहाने ले गया था। वहां मुरैना के रिठौरा गांव के एक व्यक्ति को बेच दिया। पीड़ित मां ने पुलिस को बताई आपबीती…पढ़िए उन्हीं की जुबानी

बेटी को मेला दिखाने ले गया था मुंहबोला भाई
पीड़ित मां बताया- हम अति गरीब सहरिया आदिवासी है। संक्रांति का दिन था। हम सभी अपने घर पर थे। तभी गांव का एक युवक घर आया और बोला कि जीजी तेरी बेटी को संक्रांति का मेला दिखाने ले जाऊं। वह युवक मुझे बहन कहता था। इस कारण मैंने अपनी बिटिया को उसके साथ सूढ़ेश्वर महादेव मेला घूमने भेज दिया था। शाम को मैं बेटी का इंतजार कर रही थी। जब रात तक वह घर नहीं लौटी तो मैंने युवक को फोन लगाया। युवक मुझसे बोला कि चिंता मत करो, वह मेरे घर आ गई है। एक सप्ताह तक बेटी घर नहीं लौटी। मैंने फिर युवक से कहा कि-बेटी को भेज दो। तब युवक बोला कि उसका पता नहीं है। बिना बताए वो कहीं चली गई है। हमने बेटी को सब जगह तलाश किया,लेकिन वो कहीं नहीं मिली।


एक अनजान नंबर से बेटी का कॉल आया
करीब 12 दिन पहले बेटी ने एक अनजान नंबर से कॉल किया। कॉल करने वाले का नाम राजकिशोर दिख रहा था। बेटी ने मुझे रोते हुए बताया कि मामा ने दो लोगों के साथ मिलकर मुझे बेच दिया है। ये लोग मेरे साथ गलत काम भी कर रहे हैं। हमने उस नंबर पर फिर कॉल किया तो बलबीर नाम के युवक ने उठाया। हमने उससे बात कि तो उसने कहा- कि बेटी अब वापस नहीं मिलेगी। उन्होंने हमें धमकाते हुए कहा कि 6 लाख रुपए देकर लड़की को खरीदा है। मैंने पप्पु गुर्जर की बेटी ली है। उन्होंने धमकी दी कि बहस की तो बदमाश भेजकर झोपड़ी में आग लगा देंगे।

गिरोह बनाकर बेच रहे आदिवासी लड़कियां
पीड़ित मां ने बताया कि मुरैना के लोग हमारे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एक महीने से अपनी नाबालिग बेटी को ढूंढते-ढूंढते परेशान हो गए। ये सभी लोगों ने गिरोह बनाकर बेटी को बेच दिया है। ये लोग बड़े पैमाने पर नाबालिग आदिवासी बच्चियों को बेच रहे हैं। पुलिस इनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं करती, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं।

दोषियों पर जल्द कार्रवाई होगी: एएसपी
शिवपुरी एएसपी प्रवीण कुमार भूरिया ने बताया कि एक दंपती का आवेदन मिला है। उन्होंने कुछ लोगों पर बेटी को बेचने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। दोषियों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!