शिवपुरी: बैराड़ तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम डाबरपुरा के रहने वाले किसान ने फेसबुक पर 5 लाख के इनाम का विज्ञापन देखा, फिर चालबाजों के शिकंजे में फंसकर हजारों रुपए गंवा बैठा. किसान ने एसएसपी से शिकायत में बताया किउसने फेसबुक पर ऐड देखा था और इनाम देने का लालच देकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है.
जानकारी के अनुसार डाबरपुरा के रहने वाले किसान धर्मेंद्र बेड़िया पुत्र कमरू बेड़िया निवासी ग्राम डामरपुरा तहसील बैराड़ ने बताया कि 19 फरवरी 2023 को फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था जिसमें बताया गया था कि यदि किसी के पास पुराना 5 रुपए का नोट जिस पर ट्रैक्टर व किसान का फोटो प्रिंट हो, वह है तो उसके एवज में 5 लाख रुपए दिए जाएंगे. इस विज्ञापन के साथ अनेक पुराने सिक्के और नोट के फोटो भी थे.
किसान ने विज्ञापन देखकर उसमें मांगा गया 5 रुपए के नोट का फोटो व्हाट्सएप पर भेज दिया. इसके बाद किसान के व्हाट्सएप पर एक बार कोड आया. जिसके जरिए फोन पे पर 750 रुपए जमा करने को कहा गया. इसके बाद किसान से कहा गया कि आपको कोई राशि नहीं देनी होगी. 19 फरवरी 2023 को दोपहर 2 बजे के आसपास 750 रुपए किसान द्वारा फोनपे कर दिए गए थे.
22 फरवरी 2023 को फिर से किसान के मोबाइल नंबर पर कॉल की गई और कहा गया कि तुम्हारा पैसा ग्वालियर से निकल गया है. टोल टैक्स पर पहुंचा है, परंतु यहां टोल टैक्स के 6 हजार और ट्रांसफर कर दो. इस पर किसान ने 6 हजार फोनपे कर दिए.
किसान के पास फिर से फोन आया और कहा गया कि 16500 रुपए टैक्स के जमा करना है. इसके बाद हम खुद आपकी राशि लेकर कुछ समय बाद ही पहुंच रहे हैं. किसान ने फोन पे पर 16500 भी ट्रांसफर कर दिए. कुछ समय बाद फिर से किसान के पास 14500 और जमा करने के लिए कहा गया कि उसके बाद ही 5 लाख रुपए मिलेंगे. लेकिन किसान को समझ आ गया कि उसे फंसाया जा रहा है,
तो उसने आगे पैसा ट्रांसफर करने से मना कर दिया. इसी के बाद से उसे कॉल पर धमकियां मिलने लगीं. परेशान किसान ने पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की है.






Be First to Comment