शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में यह कुप्रथा धड़ीचा प्रथा के नाम से जानी जाती है. लड़कियों और महिलाओं को किराए पर देने के लिए यहां हर साल मंडी सजती है. दूर-दूर से खरीदार अपने लिए पत्नी किराए पर लेने आते हैं. सौदा तय होने के बाद खरीदार पुरुष और बिकने वाली महिला के बीच 10 रुपए से लेकर 100 रुपए के स्टांप पेपर पर करार किया जाता है। यहां बिकने वाली महिलाएं एक करार के तहत युवक के पास रहती है और करार खत्म होने के बाद वापस अपनी जगह आ जाती है वहीं कुछ महिलाओं को जीवन भर के लिए खरीदा जाता है और उनको पत्नी बनाकर ले जाते हैं।
ऐसा ही एक मामला शिवपुरी की तहसील पोहरी ग्राम झिरी से आया है यहां रहने वाले नेतराम पुत्र दौजा राम जाटव जो कि पेशे से एक किसान है और कृषि ही उसका आर्थिक साधन है। मंगलवार को आयोजित हुई जनसुनवाई में नेतराम अपनी फरियाद लेकर आया यहां उसने बताया कि 10 जून 2021 को उसने सुनीता जाटव पत्नी स्व. रामहेत जाटव निवासी ग्राम भदरौनी तह. पोहरी से शपथ पत्र के जरिए शादी की। इसके लिए उसने सौकीन पुत्र चन्नू सेन को 20 हजार रुपए भी अदा किए।
नेतराम के मुताबिक उसने महिला को भी सोने-चांदी के जेवर दिए थे व महिला ने मकान व खेती के लिए 50 हजार नकद भी लिए थे। इसके बाद वह महिला सुनीता को अपने घर ले आया और उसके साथ रहने लगा। यहां शादी के कुछ ही समय बाद सुनीता अचानक घर छोड़कर चली गई। जब वह घर पर नहीं मिली तो उसकी तलाश की यहां पता चला कि वह सौकीन सेन के घर पर है। जब वह अपनी खरीदी हुई पत्नी को वापस लेने पहुंचा तो उसे वहां से भगा दिया और सुनीता से थाने में युवक की शिकायत करवा दी। नेतराम ने शिकायत में बताया कि उसे सौकीन व अनीता जाटव से उसके रुपए वापस दिलवा दिए जाए और उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।






Be First to Comment