Press "Enter" to skip to content

सेंट चार्ल्स स्कूल के सामने खेतोँ में बिना अनुमति के बनाए जा रहे डुप्लेक्स, TNCP का दिया जा रहा झांसा / Shivpuri News

शिवपुरी: क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे कुछ दिन पहले ही अपने शिवपुरी दौरे के दौरान शासकीय योजनाओं की समीक्षा के क्रम में शहरी क्षेत्र के आसपास ग्रामीण अंचल में खेतों में काटी जा रही अवैध कॉलोनियों पर चिंता जाहिर की थी।

इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को इस बात के निर्देश दिए थे कि अवैध कॉलोनियों और कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई की जाए ताकि आम जनता इन कॉलोनाइजरों के चंगुल में फंसने से बच सकें। इसके बावजूद जिम्मेदार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

इसी का परिणाम है कि कॉलोनाइजर खेतों में बिना अनुमति सिंग्लेक्स और डुपलेक्स बनाकर हाईफाई अवैध कॉलोनियां काटने में लगे हुए हैं। इसी क्रम में सिंह निवास में सेंट चालर्स स्कूल के सामने करीब 16 बीघा जमीन पर कॉलोनाइजरों द्वारा सिंगलेक्स और डुपलेक्स बनाकर बेचे जा रहे हैं। जिन लोगों को यह मकान बेचे जा रहे हैं, उन्हें बताया जा रहा है कि कॉलोनी शासन की सभी अनुमतियां प्राप्त करके बनाई जा रही है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की सभी अनुमतियां प्राप्त हैं। कुल मिलाकर इस कालोनी को विकसित करके कॉलोनाइजर शासन को करोड़ों रुपए का चूना लगा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों को यह सब कुछ नजर नहीं आ रहा हैं।

सेंट चालर्स स्कूल के सामने काटी जा रही बड़ी अवैध कॉलोनी को अगर धरातल पर देखा जाए तो कॉलोनाइजरों ने चारों तरफ से सीमेंट की दीवारें खड़ी कर दी हैं। मुरम की रोड़ डालकर वहां मकान बनाकर व प्लाट काटकर कॉलोनी विकसित की जा रही है। खास बात यह है कि इस कालोनी तक पहुंचने के लिए एक अदद रास्ता तक नहीं है। लोगों को झांसा देने के लिए विद्युत पोल गाढ़ दिए गए हैं लेकिन कालोनी में कोई विद्युत लाइन नहीं बिछाई गई है।

जिम्मेदारों को नजर नहीं आ रहा अवैध निर्माण

खास बात यह है कि क्षेत्र में अवैध कालोनी निर्माण शुरू होने के दौरान अवैध कालोनाइजरों द्वारा सबसे पहले उसमें मुरम बिछाकर रोड़ डालना शुरू किया जाता है, जिससे यह तो स्पष्ट हो जाता है कि खेत में कॉलोनी कटने के लिए तैयार है। हल्का पटवारी की जिम्मेदारी है कि वह न सिर्फ वहां अवैध कालोनी काट रहे कालोनाइजर को नोटिस दे और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भी दी जाए।

सेंट चालर्स स्कूल के सामने सैंकड़ों मकानों की कालोनी काटी जा रही है लेकिन हल्का पटवारी ने रिपोर्ट के नाम पर सिर्फ एक सर्वे नंबर की जानकारी अधिकारियों को दी है, शेष नंबरों की कोई जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में यहां जल्द ही एक बड़ी अवैध कालोनी अस्तित्व में आ जाएगी और वहां बाद में लोगों को कई गुना कीमत चुका कर विद्युत कनेक्शन, नल कनेक्शन आदि लेने पड़ेंगे। इसके अलावा अधिकारियों द्वारा भी उक्त लोगों को अशोक बिहार कालोनी की तरह अवैध रूप से मकान बनाने के नोटिस भेजकर उन्हें परेशान किया जाएगा।


इनका कहना है

पटवारी गिरजेश श्रीवास्तव का कहना है कि सेंट चालर्स स्कूल के सामने मनीयर के एक रठौर व गिर्राज ओझा द्वारा सिंगलेक्स और डुपलेक्स बनाकर बेचे जा रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को रिपोर्ट दी गई है। जल्द ही उसे नोटिस जारी करेंगे।

शिवपुरी एडीएम विवेक रघुवंशी का कहना है कि आपके द्वारा जो जगह बताई जा रही है, वहां पर कालोनी काटे जाने के संबंध में मैं तहसीलदार और एसडीएम से रिपोर्ट लिए लेता हूं। अगर बिना अनुमति के अवैध कालोनी काटी जा रही है तो हम कॉलोनाइजर पर कार्रवाई जरूर करेंगे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!