शिवपुरी: सांसद डॉ.के.पी.यादव शनिवार को शिवपुरी भ्रमण पर आए और कई कार्यक्रमों में भाग लिया। सांसद कप खेल प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद पोलो ग्राउंड में आयोजित सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए। उसके बाद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की। जिला विकास एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सांसद डॉ के पी यादव ने गौशाला संचालन की प्रगति की समीक्षा की। अमृत सरोवर, पुष्कर धरोहर के संबंध में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। एनआरएलएम के तहत जिले में स्व सहायता समूह गठित किए गए हैं। समूह की महिलाओं द्वारा आजीविका की गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर होकर आगे बढ़ें। शिवपुरी जिले में स्व सहायता समूह जो कार्य कर रहे हैं उनकी प्रगति लगातार हो जिससे हम बड़े स्तर पर इन्हें प्रस्तुत कर सके।
बैठक में पीएम स्वनिधि योजना, कृषि विभाग द्वारा खाद वितरण व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग के आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजना की समीक्षा की गई। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सीएम राइज स्कूल में सभी व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्कूल के संचालन के संबंध में निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। सांसद डॉ के पी यादव ने निर्देश देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज में मरीजों को असुविधा नहीं होना चाहिए। चिकित्सकों का व्यवहार भी ठीक रहे। चिकित्सक अपनी ड्यूटी पर समय दें। इसके अलावा अनुसूचित जाति छात्रावास के संचालन, ऊर्जा साक्षरता अभियान और खाद्य वितरण व्यवस्था के संबंध में भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। ऊर्जा साक्षरता अभियान के बेहतर क्रियान्वयन और जन जागरूकता के संबंध में निर्देश दिए।
सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की स्थिति जहां भी ठीक नहीं है उन सड़कों की मरम्मत कराई जाए। कहीं भी सड़कें खराब स्थिति में नहीं होना चाहिए। अधिकारी टीम के साथ स्वयं विजिट करें।
हितग्राहियों को जल्द मिले प्रधानमंत्री आवास का लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत हितग्राहियों को आवास प्रदान किए जाने हैं लेकिन इसकी प्रगति बहुत कम है। लंबे समय से हितग्राही इसके इंतजार में है। अब इस पर गति लाकर काम होना चाहिए। नगर पालिका इस पर विशेष ध्यान दे। इसके अलावा सांसद डॉ के पी यादव ने शिवपुरी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को यह भी निर्देश दिए हैं कि आमजन की जो समस्याएं हैं नगर पालिका में समस्याओं को सुना जाए और उनका निराकरण किया जाए। जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय से विकास कार्यों को पूरा करें।






Be First to Comment