शिवपुरी। जिले में इन दिनों किसान खेती को लेकर काफी प्रयोग कर रहे हैं। कोरोना काल मे दिल्ली से पढ़कर लौटे युवा ने पिछोर में काले गेंहू की खेती की थी जिसका उसे अच्छा मुनाफा मिला। अब ग्राम कोटा के एक किसान भारत सिंह ने काले चावल की खेती की है। काले चावल उगाने वाले जिले के पहले किसान हैं। हालांकि प्रदेश में चावल की इस किस्म की खेती कुछ जिलों में हुई है। नई प्रजाति की खेती कर किसान अब खेती को उन्नात व्यापार की श्रेणी में लाने का प्रयास कर रहे हैं। किसान भारत सिंह का यह प्रयास काफी हद तक सफल होता भी दिख रहा है क्योंकि काले चावल की फसल होने के साथ ही गुरुग्राम की एक कंपनी ने उन्हें एप्रोच किया है। सामान्य चावल के मुकाबले इसकी कीमत भी तीन से चार गुना अधिक मिल रही है। खेती के इस नवाचार के काले चावल के रूप में किसानों के सामने एक सुनहरा भविष्य है। फिलहाल भारत सिंह ने 4 बीघा में यह फसल की है। किसान का कहना है कि इसमें मुनाफा अच्छा है क्योंकि इस फसल से आमदनी 3 गुना अधिक होती है। इसके अलावा काले चावल स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होते हैं। खास बात यह है कि पूरी फसल जैविक खेती की पद्दति को अपनाकर पैदा की गई है।
कीटनाशक व उर्वरक की जगह किया गो मूत्र व गोबर का उपयोग
किसान ने बताया कि इसकी खेती पूरी तरह से जैविक की गई है। काले चावल की फसल 10 दिन की देरी से होती है। इसमें किसी तरह की बीमारी नहीं लगती है। बासमती की सुगंधा किस्म हो या फिर 11-21 नंबर चावल इसमें डीएपी और यूरिया बहुत ज्याादा डलती है। जबकि काले चावल में कोई जरूरत नहीं पड़ी। सिर्फ गोबर और गो मूत्र का इस्तेमाल किया गया इसलिए यह पूरी तरह से जैविक है। भारत सिंह ने बताया कि अभी उन्हें कम बीज मिला था, लेकिन अब अगली बार इसकी बड़े पैमाने पर खेती करेंगे। यदि कोई और किसान इसकी खेती करना चाहता है तो उसे भी बीज उपलब्ध कराएंगे।
छत्तीसगढ़ में उगता है काला चावल, विदेशों तक है मांग
छत्तीसगढ़ में काले चावल की खेती बड़ी मात्रा में हो रही है। यहां ब्लैक राइस को छत्तीसगढ़ में करियाझिनी के नाम भी जाना जाता है। यह प्रजाति काफी पुराना है। इसे लेकर यहां कई किवदंतियां भी हैं। इसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता और अन्य फायदों के कारण विदेशों में इसकी काफी डिमांड है। छत्तसीगढ़ से इंडोनेशिया में काले चावल की सप्लाई होती है। यह खून पतला करता है और दिल के लिए काफी फायदेमंद होता है।
इनका कहना है
एक ही तरह की प्रजाति की लगातार खेती करने से गुणवत्ता कम होती जाती है। यदि किसान नई प्रजाति की पैदावार करता है तो उसकी गुणवत्ता बेहतर होती है। काले चावल के कई फायदे हैं। कोटा में जिस किसान ने काले चावल उगाए हैं उसका अध्ययन करेंगे और अच्छे परिणाम आने पर अन्य किसानों को इसके फायदे बताने के साथ इसकी खेती के लिए प्रेरित करेंगे।
डॉ. एमके भार्गव, वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि केंद्र






Be First to Comment