Press "Enter" to skip to content

सड़क पर गड्डे या गड्डो में सड़क, ऐसा अद्धभुत नजारा शिवपुरी में देखिए / Shivpuri News

शिवपुरी: कोटा-झांसी फोरलेन से शिवपुरी शहर को जोड़ने वाली झांसी लिंक रोड लोक निर्माण विभाग की अनदेखी की वजह से पहले से अधिक बदहाल हो गई है। लगातार बारिश से सड़क में इतने अधिक गड्‌ढे हो गए हैं कि लोगों को समझ ही नहीं आ रहा है कि सड़क में गड्‌ढे हैं या गड्‌ढों में सड़क है। बरसात का पानी भरा रहने से वाहन चालकों को गड्‌ढों की गहराई का अंदाज लगाना मुश्किल हो रहा है। जरा सी लापरवाही से लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसलिए लोग सावधानी से गाड़ियां निकालनी पड़ रही हैं।

पिछले साल अगस्त 2021 की अतिवृष्टि में झांसी लिंक रोड उखड़ गई थी। पीडब्ल्यूडी ने मामूली मरम्मत कराई और पूरे साल सुध नहीं ली। बरसात से ठीक पहले मेंटेनेंस नहीं कराया। लगातार बारिश से सड़क पूरी तरह उधड़ गई है। दो से तीन किमी हिस्से में तो सड़क इतनी अधिक खराब हो गई है कि संभलकर गाड़ियां निकालनी पड़ रही हैं। बाइक सवार अक्सर फिसलकर गिर रहे हैं। 12.5 किलोमीटर का सफर लोगों के लिए मुश्किल भरा साबित हो रहा है। पंद्रह मिनिट के सफर में ढाई गुना समय लग रहा है।

सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर प्रस्तावित की है, अभी 7 मीटर : लोक निर्माण विभाग ने डीपीआर में सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर प्रस्तावित की है। इस कारण सड़क की लागत भी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में सड़क चौड़ीकरण से लाखों लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। नेशनल पार्क लगा होने से पर्यटकों को आने जाने में आसानी होगी। इसी सड़क से पार्क प्रबंधन ने टाइगर सफारी प्रस्तावित की है।

आगे क्या : 20 करोड़ से अधिक लागत, इसलिए वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली
शहर के हवाई पट्‌टी से कोटा-झांसी फोरलेन हाइवे तिराहे तक 12.50 किमी लंबी उक्त सड़क की अनुमानित लागत 20 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। यह सड़क सरकार के बजट में शामिल हो चुकी है, लेकिन वित्तीय स्वीकृति अभी तक नहीं मिल पाई है। इस कारण टेंडर तक नहीं हो पा रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार 20 करोड़ से कम लागत वाली सड़कों की बैठकें हो चुकी हैं। 20 करोड़ से अधिक लागत वाली सड़कों के संदर्भ में बैठक नहीं हुई है। इसलिए शिवपुरी की उक्त रोड अटकी है।

सिटी फोरलेन : गर्मियों में धूल के बाद पूरी बरसात गड्ढों में निकाली
पीडब्ल्यूडी द्वारा झांसी लिंक रोड को दो हिस्सों में बांटा है। झांसी तिराहा से हवाई पटटी तक 2.4 किमी की सड़क का काम ठेकेदार ने साल 2019 में शुरू तो किया, लेकिन बीच में ही काम रोक दिया। पूरी गर्मियों धूल के बीच गुजर गईं और अब लोगों ने पूरी बरसात गड्ढों में निकाल दी है। 6.55 करोड़ लागत की इस रोड का विभाग ठेका निरस्त कर फिर से टेंडर की बात कह रहा है। लेकिन अभी तक सड़क पर कुछ भी नहीं हुआ है। झांसी तिराहा से हवाई पट्टी तरह पूरी सड़क बदहाल पड़ी है। अंबेडकर कॉलोनी, जवाहर कॉलोनी, लुधावली, गोविंद नगर, खेड़ापति कॉलोनी, पुरानी शिवपुरी क्षेत्र के हजारों लोग प्रभावित हैं। इसी रोड से लोग मुक्तिधाम जाते हैं। आईटीआई, बीटीआई, एसबीआई का आईसेटी केंद्र इसी रोड पर हैं। काली माता मंदिर, खेड़ापति बालाजी मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित हैं। केंद्रीय विद्यालय के सारे बच्चे भी इसी रोड से आते-जाते हैं।

स्वीकृति मिलते ही टेंडर जारी होंगे
“सड़कों की स्वीकृति के लिए दो चार दिन में बैठक होने जा रही है भोपाल स्तर पर 20 करोड़ रु. से अधिक लागत वाली सड़कों की स्वीकृति के लिए दो चार दिन में बैठक होने जा रही है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर जारी हो जाएंगे।”

-सुरेश धाकड़, राज्य मंत्री, लोक निर्माण विभाग मप्र

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!