Press "Enter" to skip to content

चोरों ने हाई स्कूल के तोड़े ताले, 17 कट्टे नई किताब, पंखे किए चोरी, कैमरे तोड़े / Shivpuri News

चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले की रैकी, शाम को काट कर गए सीसीटीवी कैमरे के तार
लोडिंग वाहन लेकर पहुंचे थे चोर, पूरा वाहन भरने पर छोड़ गए बची हुई किताबें
शिवपुरी: फिजीकल थानांतर्गत शासकीय तात्याटोपे फिजीकल हाई स्कूल पर बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर वहां से 17 कट्टे नई किताबें, पंखे, रिकार्ड आदि चोरी कर लिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले चोर शाम को स्कूल परिसर में पहुंचे और उन्होंने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरके के तार भी काटे हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों में तोड़फोड़ भी की है।
जानकारी के अनुसार विकासखंड़ शिक्षा अधिकारी शिवपुरी ने इस बार बच्चों को बंटने के लिए आई किताबों का स्टाक फिजीकल हाई स्कूल में करवाया था। ऐसे में वहां हजाराें नई किताबें भरी पड़ी हैं। इसी क्रम में अज्ञात चोरों ने 21-22 सितम्बर की रात फिजीकल हाई स्कूल के ताले चटका कर वहां से 17 कट्टे नई किताबें चोरी कर लीं। एक कट्टे में करीब 60 किलो वजन बताया जा रहा है। चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से पूर्व 21 सितम्बर की शाम को स्कूल की बाउंड्री फांद कर अंदर आने के बाद रैकी की है। इस दौरान उन्हें वहां जो सीसीटीवी कैमरे दिखाई दिए चोरों ने उनके तार काट दिए। इसके बाद रात को चोर लोडिंग वाहन लेकर आए और मुख्य द्वार का ताला तोड़कर स्कूल के अंदन वाहन ले गए। चोरों ने वाहन में किताबों के कट्टे, तीन पंखे सहित स्कूल को अन्य रिकार्ड आदि चोरी किया और वहां से रफूचक्कर हो गए। चोरी की इस वारदात में चार से पांच लोगों का शामिल होना बताया जा रहा है। चोर किसी लोडिंग वाहन से चोरी की वारदात को अंजाम देने आए थे, इसकी गवाही स्कूल परिसर की गिली मिट्टी में छूटे वाहन के पहियों के निशान दे रहे हैं। ऐसे में यह भी तय है कि चोरी की वारदात में कोई आटो वाला भी शामिल रहा है। जिस जगह से किताबों के कट्टे चोरी हुए हैं, वहां पर किताबों के और भी कट्टे रखे हुए थे लेकिन चोर उन कट्टों को छोड़ गए, जो इस बात की ओर ईशारा करता है कि चोर जिस वाहन में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचे थे वह वाहन बहुत बड़ा नहीं रहा होगा।

आठ से दस बार चोरी, पुलिस पर उठे सवाल
स्कूल प्रबंधन की मानें तो फिजीकल स्कूल लगातार चोरों के निशाने पर बना हुआ है। एक साल के अंदर स्कूल परिसर में आठ से दस बात चोरी की वारदात घटित हो चुकी है। पखवाड़े भर में कोई न कोई चोरी की वारदात सामने आ रही है। खास बात यह है कि स्कूल प्रबंधन पुलिस को कई बार तो चोरी की वारदात कारित करने वाले चोरों के सीसीटीवी फुटेज तक उपलब्ध करा चुका है, लेकिन अभी तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस की कार्य प्रणाली सहित रात्रि गश्त व्यवस्था और मुखबिर तंत्र पर सवालिया निशान लग रहा है। इस बात भी चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। देखना होगा कि पुलिस इस बार चोरी की वारदात का खुलासा कर पाती है या हमेशा की तरह इस बार भी मामला फाइलों में दफन हो जाएगा।

जिले भर में टारगेट बने स्कूल
यहां बताना होगा कि अगर जिले भर में पिछले कुछ सालों का रिकार्ड निकाला जाए तो दर्जनों चोरी की वारदातें स्कूल में घटित होती रही हैं। पुलिस सभी चोरी की वारदातों में सिर्फ शिकायती आवेदन लेकर मामले की इतिश्री कर देती है। अगर रिकार्ड खंगाला जाए तो शायद ही कोई चोरी की वारदात हेागी जिसका खुलासा करते हुए पुलिस ने स्कूल में चोरी की वारदात कारित करने वाले चोरों को पकड़ कर सामान की बरामदगी की हो और चोरों को सजा दिलवाई हो।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!