Press "Enter" to skip to content

वार्ड नंबर 35 में चार दिन से टूटी खुदी पड़ी सड़क, सैंकडों लोग परेशान / Shivpuri News

एक महिला के कारण काम छोड़कर भागा ठेेकेदार, नहीं हो रही कोई कार्रवाई

शिवपुरी: फिजीकल क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-35 में पिछले चार दिन से दौलत सिंह के होटल वाली गली खुदी पड़ी हुई है। वहां से लोग वाहनों से तो दूर पैदल तक नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में गली में रहने वाले लगभग सैंकड़ा भर पारिवारों को करीब एक किमी का फेर लगाकर फिजीकल तक आना पड़ रहा है। खास बात यह है कि पूरा मामला क्षेत्रीय पार्षद सहित जिम्मेदारों के संज्ञान में है, परंतु कोई समस्या के समाधान की दिशा में काम करने को तैयार नहीं है।
जानकारी के अनुसार करीब चार दिन पहले दौलत सिंह के होटल वाली गली में नपा का ठेकेदार मड़ीखेड़ा जलावर्धन योजना की डिस्ट्रीब्यूटिंग लाइन बिछा रहा था। इसी दौरान गली में रहने वाली एक महिला के घर का पुराना नल कनेक्शन टूट गया। इसके बाद वहां नल कनेक्शन जोड़ने को लेकर लाइन खोद रहे ठेकेदार के कर्मचारियों और महिला के बीच विवाद शुरू हो गया। महिला का कहना था कि वह वह पहले उसके नल कनेक्शन को जोड़ें इसके बाद वह पाइप लाइन के गड्ढे को भरने देगी। वहीं ठेकेदार का कहना था कि वह नपा में नए नल कनेक्शन के लिए जमा की गई पर्ची दिखाएं और नया नल कनेक्शन जुड़वा लें। न तो ठेकेदार पुराना कनेक्शन जोड़ने तैयार हुआ और न ही महिला नया नल कनेक्शन लेने। ऐसे हालातों में विवाद बढ़ गया और महिला ने लाइन बिछाने के लिए खोदा गया गड्ढा नहीं भरने दिया। अंतत: नपा के ठेकेदार को बिना गड्ढा भरे ही वहां से हिटैची लेकर लौटना पड़ा, मौके पर क्षेत्रीय पार्षद भी पहुंच गए। इतना सब होने के बाबजूद चार दिन बाद भी विवाद का निराकरण नहीं किया गया है। इस दंश गली में रहने वाले सैंकड़ों परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना उन लोगों को करना पड़ रहा है जिन्हें सुबह-सुबह अपने छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल बस तक छोड़ने के लिए फिजीकल तक आना होता है, क्योंकि पीछे की बस्ती को फिजीकल से जोड़ने वाली सिर्फ यही एक मात्र गली है।

इनका कहना है
यह बात सही है कि वहां से निकलने में परेशानी हो रही है। सभी लोग परेशान हो रहे हैं। मैं एक दो दिन में पानी बंद होते ही समस्या का समाधान करवाता हूं। रही बात कनेक्शन की तो यह बात पूरी तरह सही है कि पुरानी लाइन बंद होना है, नया कनेक्शन लेना ही पड़ेगा तो अभी लेने में क्या बुराई है।
मदन शेजवार
वार्ड पार्षद

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!