Press "Enter" to skip to content

मुस्लिम समाज के जुलूस में गूंजी रामधुन: हिंदुओं की फरमाइश पर मुस्लिम गायक ने गायी राम कथा / Shivpuri News

शिवपुरी में चेल्लम के ताजिया जुलूस में हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल देखने को मिली। यहां जुलूस में कई हिंदू भी शामिल हुए। हिंदुओं ने भगवान के भजन सुनने की फरमाइश की। इसके बाद जुलूस में गाना गा रहे मुस्लिम गायक ने ‘हम कथा सुनाते राम सकल गुणधाम की’ भजन गाया। बैंड पर रामधुन सुनकर सभी मंत्रमुग्ध हो गए। मामला रविवार देर रात कोलारस का है।

राम भजन गाने वाले मोहम्मद रिजवान अख्तर हुसैन उत्तरप्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं। वह, फिलहाल झांसी के न्यू मास्टर बैंड के लिए गाना गाते हैं। उनका कहना है कि हमारे पूर्वज भी गाना गाते थे। उन्होंने आगे बताया कि बीती रात जुलूस में हिंदू-भाइयों ने भगवान के भजन गाने की फरमाइश की थी। तो मैंने कमेटी से परमीशन ली, फिर भजन गाया। मैं कई सालों से यहां आ रहा हूं। यहां हर बार हिंदू-मुस्लिम का प्यार ही दिखता है।

कोलारस का अलग है माहौल
ताजिया कमेटी के सदस्य आशिक मंसूरी ने बताया कि इस बार चेल्लम में 6 ताजियों का निर्माण किया था। जिसका जुलूस बीती रात निकाला गया था। जिसमें मुस्लिमों के साथ-साथ हिंदू भी शामिल हुए थे। आशिक मंसूरी का कहना है कोलारस में धार्मिक माहौल अलग ही है। यहां हर पर्व अनोखे अंदाज से मनाए जाते हैं। चाहे वह हिंदुओं का पर्व हो या फिर मुस्लिमों का पर्व। आपको बता दें कि, कोलारस के चेल्लम में सालों से जुलूस निकाला जाता है। यहां शिवपुरी, ग्वालियर, अशोकनगर और श्योपुर के लोग भी शामिल होते हैं।

रामानंद सागर निर्मित रामायण का भजन
रामानंद सागर द्वारा निर्मित रामायण के लवकुश कांड में ‘हम कथा सुनाते राम सकल गुणधाम की’ का जिक्र आता है। दरअसल, जब लव-कुश से युद्ध करने भगवान राम जंगल गए। वहां ऋषि वाल्मिकी ने भगवान राम को शांत कराया। ऋषि ने कहा कि ये बालक जितने वीर हैं, उतना ही मधुर गाते हैं। तब भगवान राम ने उन्हें गाने के लिए अपने दरबार में बुलाया था। वहीं उन्होंने इस गीत को गाकर दरबार सहित पूरे अयोध्या को मंत्र मुग्ध कर दिया था। इसी गाने के आखिरी में उन्होंने प्रभु को बताया था कि वे माता सीता के पुत्र हैं और आप उनके पिता हैं। बता दें, ये गीत संपूर्ण रामायण का सारांश है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!