शिवपुरी. कोतवाली थानांतर्गत जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में शनिवार की दोपहर एक युवक ने ड्यूटी कर रही अपनी पत्नी के साथ जमकर मारपीट कर दी। जब पति के हाथों पिट रही नर्स को बचाने के लिए उसकी साथी नर्स आई तो आरोपित युवक ने उक्त नर्स के साथ भी मारपीट कर दी। वहीं एक अन्य घटना में जिला अस्पताल से ड्यूटी कर लौट रही एक एनजीओ कार्यकर्ता के साथ अस्पताल के बाहर बैठने वाले एक नाई ने न सिर्फ अभद्रता की बल्कि उसकी सरेराह मारपीट करते हुए उसके कपड़े तक खींच डाले। पुलिस ने दोनों ही मामलों में शिकायत के आधार पर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जिला अस्पताल में किसी महिला कर्मचारी के साथ इस तरह की अभद्रता और मारपीट की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी कई महिला कर्मचारियों के साथ मारपीट और अभद्रता हो चुकी हैं। अगर एक-दो मामलों को छोड़ दिया जाए तो लगभग सभी मामलों को दबा दिया गया, क्योंकि अस्पताल प्रबंधन कभी भी महिला कर्मचारियों के साथ नहीं आया। जिन मामलों में कार्रवाई हुई है, उनमें भी नर्सिंग स्टाफ द्वारा व्यक्तिगत रूप से कार्रवाई करवाई है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा महिला स्टाफ को कर्तव्य स्थल पर सुरक्षा प्रदान न किए जाने को ही परिणाम है कि लोगों की हिम्मत लगातार बढ़ती जा रही है। जबकि कार्यस्थल पर महिलाओं को सुरक्षा दिलाई जाना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।
दरअसल जिला अस्पताल में नर्सिंग आफिसर के पद पर पदस्थ अंकिता मंडलेश्वर पत्नी देवेन्द्र सविता पुत्री स्व. संपत्ति मंडलेश्वर उम्र 33 साल शनिवार को मेडिकल वार्ड में ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान उसका पति देवेंद्र वहां पहुंचा और उसके साथ मारपीट कर दी। जब उसकी अंकिता को पिटता देख उसकी साथी नर्स करिश्मा उसे बचाने के लिए आई तो देवेंद्र ने उसके साथ भी मारपीट कर दी। इसके बाद देवेंन्द्र वहां से भाग गया। जब पूरी घटना के बारे में अस्पताल में काम करने वाले लोगों को पता चला तो उन्होंने देवेंद्र को पकड़ लिया और पुलिस को फोन पर सूचना देकर मौके पर ही बुला लिया, जिस पर पुलिस आरोपित को पकड़कर थाने ले गई। इससे पहले शुक्र-शनिवार को भी रात करीब 12 बजे आरोपित देवेंद्र करिश्मा के घर पहुंच गया था। करिश्मा ने किसी तरह उसे वहां से भगाया। करिश्मा का कहना है कि वह आरोपित से काफी भयभीत है। पुलिस ने अंकिता की शिकायत पर आरोपित देवेंद्र के खिलाफ मारपीट सहित शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। बताया जाता है कि दोनों का 2011 में प्रेम विवाह हुआ था और दोनों के एक बेटी भी है। दोनों के बीच कुटुंब न्यायालय में तलाक का केस भी चल रहा है। शुक्रवार को इसी की तारीख के लिए देवेंद्र शिवपुरी आया था।






Be First to Comment