शिवपुरी। यदि आप शिवपुरी के अस्पताल में इलाज के लिए जा रहे हैं तो सावधान हो जाइए, अस्पताल आजकल मरीजों, डॉक्टरों व अन्य सटाफ के लिए खतरे की घंटी बनता जा रहा है।
करोड़ों रुपए खर्च कर जिला अस्पताल के भवन का निर्माण कराया गया था। भवन निर्माण के समय गुणवत्ताविहीन कार्य कराए जाने का आरोप लगता रहा लेकिन इस पर किसी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। अब भवन बनने के बाद से जगह-जगह से फाल्स सीलिंग गिरने की समस्या आ रही है। घटिया निर्माण के चलते वार्ड में लगी फाल्स सीलिंग लगातार गिर रही है। इससे पहले भी अस्पताल की फाल्स सीलिंग गिर गई है जिससे मरीजों की जान जाते-जाते बची, लेकिन इस ओर अस्पताल प्रबंधन ने कोई ध्यान नहीं दिया ऐसे में बड़ी घटना भी घट सकती है। वहीं मरीजों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो इसके लिए लिफ्ट का निर्माण कराया था लेकिन वह लिफ्ट भी खराब पड़ी हुई है। मरीजों को सीढ़ियां चढ़कर इलाज कराने के लिए जाना पड़ रहा है। इसमें सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को आती है जो हड्डी टूटने की शिकायत लेकर इलाज कराने आते हैं। सीढ़ियां चढ़ते वक्त उन्हें काफी दर्द का सामना करना पड़ता है। मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन के डॉ. संजय ऋषिश्वर का कहना है कि बरसात के समय में सीलिंग गिर रही थी जिस कारण बिल्डिंग की ओर जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया था चूंकि अब बरसात खत्म हो गई है तो सुधार कार्य कराया जाएगा। रही लिफ्ट की बात तो इसके लिए हमने ठेकेदार को सूचित कर दिया है।






Be First to Comment