Press "Enter" to skip to content

चोरी की शिकायत का बदला लेने दोस्तों ने ही की थी हरभजन की हत्या / Shivpuri News

अपने मालिक से चोरी की शिकायत करना एक युवक को इतना महंगा पड़ा कि वो अपनी जान से ही हाथ धो बैठा। किराने की दुकान पर काम करने वाले हरभजन को उसके दो दोस्तों ने गला दबाकर कर मार डाला। मृतक हरभजन ने आरोपित मोहन गिरी को अपने सेठ के यहां चोरी करते हुए देख लिया था और इसकी जानकारी सेठ को दे दी थी। तब से ही मोहन गिरी हरभजन से रंजिश रखता था। इस मामले में एक दिन पहले ही पुलिस ने पीएम रिपोर्ट और घटना स्थल के साक्ष्‌यों के आधार पर अज्ञात पर हत्या का मामला दर्ज किया था। एक दिन बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों को भी पकड़ लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को फरियादी रामप्रसाद पाल नि. भडौता चक ने बताया कि मेरा लडका हरभजन कोलारस कस्बे में बंटी खरई वाले के यहां किराने की दुकान पर काम करता था। सुबह पता चला कि मेरे लडके हरभजन की लाश भडौता चक रोड पर खन्ती में लटके पेड की डाल से रस्सी से फांसी लगी लटकी है। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया था। मृतक के स्वजनों ने यह भी बताया था कि हरभजन ने मोहन गिरी की सेठ से चोरी की शिकायत की थी। पुलिस ने मोहनगिरी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात कबूल की। मोहन गिरी ने बताया कि हरभजन ने उसकी और दूसरे आरोपित वृंदावन लोधी को चोरी करते देख लिया था और शिकायत कर दी थी। इसके बाद सेठ ने दोनों को काम पर से हटा दिया था। इसके बाद दोनों ने मिलकर उसकी हत्या करने की योजना बनाई।

 

आरोपितों को पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल को दोनों भडौता रास्ते पर मस्जिद के पास पुलिया पर पहुंचे वहीं रास्ते में उन्हें हरभजन पाल अपनी सायकल से घर जाते मिला। उसे उन लोगों ने रोककर कुछ देर शराब पी। इसके बाद दोनों ने हरभजन की साइकल मस्जिद के पास खेत में ताला लगवाकर रखवा दी फिर दोनों ने हरभजन को लडकी से मिलवाने का लालच देकर अपनी मोटरसाइकल से भडौता चक रोड पर ले गये थे। वहां एक जगह गाड़ी रोककर रस्सी निकाल कर हरभजन के गले में फंदा बनाकर डाल दिया। इसके बाद उसे पेड़ से लटकाकर हत्या कर दी। दोनों आरोपितों ने हरभजन का मोबाइल जगतपुर में एक कुएं के पास फेंक दिया था। पुलिस ने मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकल भी बरामद कर ली है। इस अंधेकत्ल का खुलासा करने में उनि. श्याम सिंह जादौन, उनि. रूपेश शर्मा, सउनि रामसिंह भिलाला, सउनि शत्रुघ्न सिंह भदौरिया, प्रआर दिलीप सिंह, आर प्रभजोत सिंह, आर. नाहर सिंह, आर चालक बलराम मोगिया की विशेष भूमिका रही।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!