शिवपुरी। दृढ़ इच्छाशक्ति और सरकारी योजना का सहयोग मिले तो छोटे स्तर से शुरू किया गया सपना भी सफलता की राह बना सकता है। शिवपुरी शहर के नवाब साहब रोड स्थित अन्नपूर्णा फूड प्रोसेसिंग के संचालक संदीप शर्मा ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) का लाभ लेकर मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया और आज वे आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं।
संदीप शर्मा को इस योजना की जानकारी उद्यानिकी विभाग के जिला रिसोर्स पर्सन गिर्राज ओझा के माध्यम से मिली। इसके बाद उन्होंने अपने दूध प्रसंस्करण व्यवसाय को आगे बढ़ाने की योजना बनाई और विभाग के सहयोग से वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवेदन किया।
योजना के तहत भारतीय स्टेट बैंक, शिवपुरी शाखा से उन्हें 18 लाख रुपये का बैंक ऋण स्वीकृत हुआ। साथ ही नियमानुसार 3.75 लाख रुपये की शासकीय सब्सिडी का लाभ भी मिला। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया और दुग्ध उत्पादों का निर्माण शुरू किया।
प्लांट स्थापित होने के बाद संदीप शर्मा के व्यवसाय में बढ़ोतरी हुई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वे वर्तमान में इस इकाई से प्रतिमाह 70 हजार से 80 हजार रुपये तक की शुद्ध आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उनकी इस पहल से केवल उनका परिवार ही आत्मनिर्भर नहीं हुआ, बल्कि मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के माध्यम से 8 स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिला है।
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए संदीप शर्मा ने कहा कि पीएमएफएमई योजना ने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से मिले वित्तीय सहयोग ने उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने और आगे बढ़ाने का अवसर दिया।
संदीप शर्मा की यह कहानी बताती है कि उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता और मेहनत के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार किए जा सकते हैं।





