शिवपुरी। कोलारस के टामकी गांव में किसान के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल धूं-धूं कर एकाएक जल उठी। किसान सहित मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मोटरसाइकिल में लगी आग को पानी-मिट्टी डालकर बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बुझाने का हर प्रयास असफल रहा।
टामकी के रहने वाले किसान शिशुपाल सिंह चौहान (40) के अनुसार वह खेत पर काम करने गया था। सुबह जब वह चाय पीने घर आया। घर के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर घर के अंदर चला गया। इस दौरान सिर्फ चाय पीकर वापस खेत पर जाने के लिए निकला तो घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल धूं-धूं कर जल रही थी। मोटरसाइकिल से ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं। मोटरसाइकिल में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। इसी बीच ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर मोटरसाइकिल में लगी आग को बुझाने का खूब प्रयास किया। लेकिन हर प्रयास असफल रहा।
आग लगी या लगाई?
चौहान ने बताया कि उसने काफी जतन के बाद धनतेरस को नई मोटरसाइकिल को खरीदा थी। घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में अचानक आग लगने से उसे संदेह हो रहा है कि किसी बदमाश ने मोटरसाइकिल में आग लगा दी। फिलहाल कारण किसी को नहीं पता।




