भगवान की कृपा से ज्ञान प्रगट होता है: आचार्य नरोत्तम शास्त्री
शिवपुरी। श्री बालाजी धाम मंदिर पर 3 मार्च गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ हो चुकी है। भव्य कलश यात्रा श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर से चलकर श्री बालाजी धाम मंदिर पहुंची,कलश यात्रा के साथ शोभारथ पर सवार आचार्य नरोत्तम शास्त्री भी मौजूद रहे, रास्ते में लोगों ने कलश यात्रा का स्वागत सत्कार किया। कलश यात्रा मंदिर पर पहुंचने के बाद पूजन इत्यादि के उपरांत दोपहर लगभग 2 बजे कथा प्रारंभ हुई। कथा का समय दोपहर 2 से शाम 5 बजे से हरी इच्छा तक रहेगा। श्रीमद् भागवत कथा के परीक्षत बालाजी धाम मंदिर के चरण सेवक संतोष शर्मा सेवानिवृत्त शिक्षक एवं उनकी पत्नी श्रीमती राम श्री शर्मा हैं। बालाजी धाम मंदिर पर प्रारंभ हुई संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा के प्रथम दिवस आचार्य श्री नरोत्तम शास्त्री ने कहा कि भगवान की कृपा से ही ज्ञान मनुष्य के अंदर प्रकट होता है बिना भगवान की आज्ञा के दुनिया में कुछ संभव नहीं है। सर्वप्रथम श्रीमद् भागवत कथा के माहात्म्य को समझना अति आवश्यक है कि आखिर कथा को कैसे सुनना चाहिए और इसके क्या लाभ है उन्होंने उदाहरण देते हुए यह भी कहा कि बिना लाभ के इस संसार में किसी व्यक्ति का कथा या किसी अन्य विषय में मन ही नहीं लगता। दिनांक 9 मार्च 2022 को इस भव्य आयोजन का समापन होगा और 10 मार्च 2022 गुरुवार को विशाल भंडारे का आयोजन श्री बालाजी धाम मंदिर पर किया जाएगा | श्री बालाजी धाम मंदिर के चरण सेवकों ने सभी धर्म प्रेमी जन से सादर आग्रह किया है कि वह श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर धर्म लाभ उठावे।




