दिनारा माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा में दसवीं के करीब 70 बच्चे कोचिंग की वजह से देरी से परीक्षा केंद्र पहुंचे। परीक्षा केंद्र प्रभारी ने छात्र-छात्राओं को बाहर ही रोक दिया और प्रवेश से इनकार कर दिया। छात्राएं रोने लगीं और हंगामा होने पर मीडियाकर्मी भी मौके पर आ गए। स्थिति को भांपते हुए केंद्र प्रभारी ने बच्चों को लाइन से खड़ा किया। प्रश्न पत्र पर समय डलवाकर छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षर कराकर परीक्षा दिलाई। पुल के सामने स्थित हाई स्कूल दिनारा में परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एक ही कोचिंग से छूटे करीब 70 बच्चे देरी से परीक्षा केंद्र पहुंचे तो बाहर ही रोक दिया। छात्र-छात्राओं का दावा था कि वह 9:45 बजे ही परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, फिर भी प्रवेश नहीं दिया। वहीं केंद्र प्रभारी बृजेश नीखरा का कहना है कि बच्चे 10 बजे के बाद परीक्षा केंद्र आए। जबकि परीक्षा के लिए प्रवेश का समय 9:45 बजे तक का है, क्योंकि 9:50 बजे प्रश्न पत्र बंटवा देते हैं। कोचिंग संचालक बच्चों को रोके रखा, इस कारण बच्चों को आने में देरी हुई। हालांकि आगे से व्यवस्था ना बिगड़े, इसलिए बच्चों के पेपर पर समय व हस्ताक्षर कराकर परीक्षा दिलाई है। बता दें कि शनिवार को कक्षा 10वीं का सामाजिक विज्ञान का पेपर था।
देरी से परीक्षा देने पहुंचे बच्चे तो केंद्राध्यक्ष ने प्रवेश देने से किया इंकार, हंगामे के बाद दिलाया पेपर / Shivpuri News




