शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षा के दौरान दसवीं का हिंदी का पहला पेपर बिगड़ जाने पर दो छात्र घर से बिना बताए गायब हो गए। सूचना मिलने के बाद नरवर थाना पुलिस ने छानबीन की तो छात्रों की इंदौर लोकेशन मिली। इंदौर से दोनों छात्रों को बरामद कर नरवर ले आए हैं।
फरियादी राजेश सिंह वैश्य निवासी ग्राम ग्वालिया हाल निवास वार्ड 3 रांच मौहल्ला नरवर ने पुलिस थाने में सूचना दी थी कि 16 व 15 साल के छात्र 22 फरवरी को घर से बिना बताए चले गए हैं। नरवर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। थाना स्तर पर टीम गठित की और साइबर सेल की मदद से तलाश शुरू की। दोनों बच्चों को 23 फरवरी को इंदोर से बरामद कर लिया है।




