शिवपुरी। शहर के मनियर क्षेत्र में मकान निर्माण के दौरान तलाई करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर मकान के मुख्य गेट पर सरिया और पत्थरों से तोड़फोड़ की और पीछे का गेट तोड़कर घर में घुस गए। इसके बाद घर में मौजूद युवक के छोटे भाई के साथ डंडे और हॉकी से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, मनियर निवासी 40 वर्षीय भरत प्रजापति अपने मकान की दूसरी मंजिल का निर्माण करा रहे हैं। 26 नवंबर की शाम करीब 5:15 बजे जब वह मकान की तलाई कर रहे थे, तभी पड़ोसी बृजेश शर्मा के भाई रामनिवास और बेटे नीलेश शर्मा वहां पहुंचे। दोनों ने भरत पर ज्यादा नेता बनने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर रामनिवास ने फोन कर बृजेश शर्मा, बंटी शर्मा, ध्रुव शर्मा और लवकुश शर्मा को बुला लिया।
आरोप है कि शाम करीब 6:20 बजे सभी आरोपी भरत के घर पहुंचे और उन्हें बाहर बुलाने लगे। भरत ने गेट नहीं खोला तो आरोपियों ने सरिया और पत्थरों से गेट में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसके बाद पीछे के गेट को तोड़कर फर्शी क्षतिग्रस्त करते हुए घर में प्रवेश कर गए। घर के पीछे मौजूद भरत के छोटे भाई सोनू प्रजापति को सभी ने डंडे और हॉकी से पीटा। मारपीट में सोनू के सिर, नाक, दाहिनी कोहनी, कूल्हे और कमर में चोटें आईं। घटना के दौरान भरत की बहन ऊषा और सोनू की पत्नी मालती ने बीच-बचाव किया। पीड़ित का आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी। डर के कारण परिवार तत्काल रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं पहुंचा। इसके बाद 27 नवंबर को भरत अपने भाई सोनू के साथ थाने पहुंचा और मौखिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में कार्रवाई शुरू की।
मकान की दूसरी मंजिल पर तलाई कर रहा था युवक, पड़ोसियों ने गेट तोड़कर घर में किया हमला; छोटे भाई को डंडे-हॉकी से पीटा, जान से मारने की धमकी देकर भागे / Shivpuri News



