शिवपुरी। शहर की शांति नगर कॉलोनी में एक लाइब्रेरी को निशाना बनाकर चोरी और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। लाइब्रेरी संचालक 21 वर्षीय हिमांशु पाल ने अनुराग उर्फ अन्नू बाथम नामक युवक पर लाइब्रेरी के ताले तोड़कर अंदर घुसने, फर्नीचर में तोड़फोड़ करने और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी हिमांशु पाल ने बताया कि 25 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी लाइब्रेरी बंद करके घर चला गया था। रात करीब 12:30 बजे उसने मोबाइल पर लाइब्रेरी के CCTV कैमरे चेक किए तो मुख्य गेट खुला दिखाई दिया। इसके बाद वह अपने चाचा संतोष पाल के साथ मौके पर पहुंचा। वहां मुख्य गेट और दूसरी मंजिल के हॉल का ताला टूटा मिला। लाइब्रेरी की चार कुर्सियां सड़क पर पड़ी थीं और अंदर का सामान बिखरा हुआ था।
फरियादी के अनुसार, टेबल की दराज में रखे 1500 रुपये गायब थे। CCTV फुटेज में अनुराग उर्फ अन्नू बाथम नामक युवक लाइब्रेरी का ताला तोड़कर अंदर आता दिखाई दिया। आरोप है कि युवक ने कुर्सियां चोरी करने की नीयत से बाहर फेंकीं, लेकिन उन्हें ले जाने में सफल नहीं हो सका। इस दौरान फर्नीचर, वाटर कैंपर और डोर क्लोजर में भी तोड़फोड़ की गई। हिमांशु ने घटना की रात की CCTV फुटेज पेनड्राइव में पुलिस को उपलब्ध कराई है। फरियादी ने तोड़फोड़ से करीब 20 हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लाइब्रेरी का ताला तोड़कर घुसा युवक, कुर्सियां सड़क पर फेंकीं और 1500 रुपये चुराए; CCTV में कैद हुई घटना, 20 हजार के नुकसान का आरोप / Shivpuri News




