शिवपुरी। जिले में कानून व्यवस्था और लोकशांति बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने आदतन अपराधियों और शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 27 नवंबर को जारी अलग-अलग आदेशों के तहत तीन आदतन अपराधियों को 6 महीने के लिए जिलाबदर किया गया है, जबकि दो अन्य को तीन महीने तक संबंधित थानों में साप्ताहिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दो शस्त्र लाइसेंस निरस्त और चार शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं।
जिलाबदर किए गए आरोपियों में दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम डामरौनकलां निवासी आनंद कुशवाह, खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपुरा निवासी अजयपाल उर्फ मुंशी यादव और करैरा निवासी अल्ले उर्फ पुष्पेंद्र सिंह चौहान शामिल हैं। इन तीनों को शिवपुरी सहित ग्वालियर, अशोकनगर, श्योपुर, मुरैना, दतिया और गुना जिलों की सीमाओं से 6 महीने के लिए बाहर रहने के आदेश दिए गए हैं। वहीं पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम पारेश्वर निवासी सुनील जाटव और बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम आमखेड़ा निवासी राजू सपेरा को तीन महीने तक प्रत्येक सोमवार संबंधित पुलिस थाने में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट ने तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम कड़ेसरा निवासी सुमन यादव और ग्राम कूडाजागीर निवासी नेहपुष्प उर्फ राहुल शर्मा के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं। दोनों को आदेश जारी होने के दो दिन के भीतर अपने लाइसेंसी शस्त्र और अनुज्ञप्ति पत्र संबंधित थाने में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा चार अन्य शस्त्र लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं। इनमें पिछोर थाना क्षेत्र के ग्राम दबियाकला निवासी काशीराम पाल, भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम कोटा निवासी प्रदीप राय और उदय कुमार तथा ग्राम तिधारी निवासी दुर्ग सिंह लोधी शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदनों और लोकशांति एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। कलेक्टर की इन कार्रवाइयों से जिले में आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शस्त्रों के संभावित दुरुपयोग को रोकने का प्रयास किया गया है।
शिवपुरी में कलेक्टर अर्पित वर्मा का बड़ा एक्शन, 3 आदतन अपराधी 6 महीने के लिए जिलाबदर; 6 शस्त्र लाइसेंस निरस्त और निलंबित / Shivpuri News



