शिवपुरी। शहर के बड़ौदी वार्ड क्रमांक 16 में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू के लापता होने और घर से करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा जरूरी दस्तावेज ले जाने का आरोप लगाया है। मामले में बुजुर्ग महिला श्रीमती द्रोपा आदिवासी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर केदार आदिवासी के खिलाफ कार्रवाई और बहू की तलाश कराए जाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, द्रोपा आदिवासी का बेटा सिरनाम आदिवासी मजदूरी करने के लिए बाहर गया हुआ है। घर पर उसकी पत्नी कुसमा आदिवासी और तीन बच्चे रह रहे थे, जिनका भरण-पोषण बुजुर्ग महिला कर रही थीं। आरोप है कि करीब 10-12 दिन पहले पड़ोस में रहने वाला केदार आदिवासी, जो पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं, कुसमा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला का आरोप है कि जाते समय घर से चांदी की करधनी, खनवाई, तोड़िया, सोने का हार, सोने के बाला सहित करीब 2 लाख रुपये के जेवर और बहू के सभी दस्तावेज भी ले जाए गए।
बुजुर्ग महिला ने आशंका जताई है कि आरोपी उसकी बहू के साथ कोई अनहोनी कर सकता है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से बहू की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस लाने, कथित तौर पर ले जाए गए जेवर और दस्तावेज बरामद कराने तथा परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
10-12 दिन से बहू तीन बच्चों को छोड़कर लापता, 2 लाख के सोने-चांदी के जेवर और दस्तावेज भी ले जाने का आरोप; 70 वर्षीय सास ने केदार आदिवासी के खिलाफ SP से लगाई गुहार / Shivpuri News




