,

खेत पर पानी देने गई महिला के सामने पति पर जानलेवा हमला, आंखों पर साड़ी बांधकर की मारपीट; 6 लोगों पर आरोप, SP से लगाई न्याय की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर में खेत पर पानी देने गए एक दंपती के साथ मारपीट और पति की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी सविता लोधी ने गांव के छह लोगों पर पति कल्लू उर्फ इमरतलाल लोधी की लाठी-डंडों, टायर लीवर, सरिया और लोहे के फरसे से हमला कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए महिला ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायती आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, घटना 10 नवंबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे की है। सविता अपने पति कल्लू उर्फ इमरतलाल के साथ खेत पर पानी देने गई थी। इसी दौरान ग्राम राजापुर के रघुराज पुत्र लखन, नातीराजा पुत्र जगदीश, राजपाल पुत्र नथन सिंह, बृजेश पुत्र छिद्दूलाल, अभिषेक पुत्र बलराम और छोटू पुत्र जगदीश पर शराब के नशे में गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।

महिला का आरोप है कि जब उसके पति ने गाली देने का विरोध किया तो सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति को बचाने पहुंची सविता की आंखों पर आरोपियों ने साड़ी बांध दी और उसे जमीन पर धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद उसके पति पर टायर लबीर, सरिया और लोहे के फरसे से हमला किया गया। हमले में कल्लू उर्फ इमरतलाल की मौके पर ही मौत हो गई।

शिकायत में सविता ने मायापुर थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना की शिकायत करने के बावजूद अब तक हत्या का मामला दर्ज नहीं किया गया। महिला का आरोप है कि उसे थाने बुलाकर बैठाया जाता है और बाद में बिना कार्रवाई के वापस भेज दिया जाता है।

सविता के मुताबिक, पति का पोस्टमार्टम होने के बाद भी पुलिस ने उन्हें रिपोर्ट की जानकारी नहीं दी और न ही उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई की गई। महिला ने पुलिस पर दबाव बनाने और झूठे आरोप लगाने का भी आरोप लगाया है।

बुधवार 25 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में सविता लोधी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए नामजद छह लोगों के खिलाफ वैधानिक धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने और संबंधित थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।