,

16 वर्षीय साहिल जाटव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट, हाथ टूटने का आरोप; जान से मारने की धमकी देने की शिकायत लेकर SP के पास पहुंचा परिवार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिल्लारपुर में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित साहिल जाटव ने गांव के तीन लोगों पर गाली-गलौज कर लात-घूंसों और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में उसका हाथ टूटने के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, साहिल जाटव पुत्र हरिराम जाटव उम्र 16 वर्ष निवासी ग्राम सिल्लारपुर, 24 नवंबर 2026 को अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान गांव के परमेश्वर दास जाटव, महेंद्र और आशिक जाटव वहां पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। साहिल ने जब गाली देने से मना किया तो आरोप है कि तीनों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से उसकी मारपीट कर दी।

पीड़ित के मुताबिक, हमले में उसका हाथ टूट गया तथा कंधे, सिर और पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आरोपियों ने जाते समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

साहिल ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद 24 नवंबर को वह करैरा थाने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय एनसीआर दर्ज की। पीड़ित ने आरोपियों की थाने में कथित सांठगांठ होने की बात कहते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।