,

शिवपुरी से लापता युवक का 14 दिन बाद भी सुराग नहीं, पिता ने एसपी से लगाई गुहार; महिला पर 1 लाख रुपए मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम बीलारा निवासी एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। युवक औतार यादव 9 नवंबर 2026 से लापता है। परिजनों ने उसकी तलाश के लिए पुलिस से गुहार लगाई है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार परेशान है। युवक के पिता हरिशंकर यादव ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बेटे को तलाशने और मामले में एक महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, औतार यादव शिवपुरी में सुनीता सोलंकी सहित कुछ लोगों के साथ काम करता था। 9 नवंबर को औतार की मां के मोबाइल पर कॉल आया। बातचीत में औतार ने गांधी पार्क के पास होने और कुछ देर बाद घर लौटने की बात कही थी। लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई।

इसके बाद औतार के मोबाइल से एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को पुलिसकर्मी किशोर दरोगा बताते हुए कहा कि युवक का मोबाइल उनके पास है और परिजन आकर ले जाएं। परिजन गांधी पार्क पहुंचे, जहां मटका पार्क के पास औतार की मोटरसाइकिल क्रमांक MP33 MV0178 खड़ी मिली। बाद में पुलिस ने मोटरसाइकिल को कोतवाली पहुंचाया। युवक का मोबाइल और मोटरसाइकिल फिलहाल थाने में जमा बताए गए हैं।

परिजनों के मुताबिक, इस मामले में कोतवाली शिवपुरी में 10 नवंबर को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपराध क्रमांक 0867, धारा 140(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, घटना के करीब 14 दिन बाद भी औतार का कोई पता नहीं चल सका है।

पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें मोबाइल की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनाई थी, जिसमें सुनीता सोलंकी के पति द्वारा औतार यादव से एक लाख रुपए की मांग किए जाने की बात सामने आई। साथ ही आवेदन में औतार पर दो-तीन बार हमला किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

परिजनों का यह भी आरोप है कि 21 नवंबर को पोहरी बस स्टैंड पर संबंधित महिला ने औतार के छोटे भाई का हाथ पकड़कर धमकी दी और जहर खाकर आत्महत्या करने की बात कही। महिला ने ऐसा करने पर औतार के परिजनों को जिम्मेदार ठहराने की बात कही थी।


हरिशंकर यादव ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित महिला के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और उनके बेटे औतार यादव को जल्द तलाशकर परिवार को सौंपने की मांग की है।