,

दो बेटियों के साथ महिला को परेशान करने का आरोप, छुरा लेकर मारने दौड़ा युवक; एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के बड़ौदी सड़क क्षेत्र में एक महिला और उसकी दो बेटियों को लंबे समय से परेशान करने, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। महिला हिना राजपूत ने सोनू यादव नामक युवक पर आए दिन परेशान करने, साथियों के साथ घर पहुंचकर विवाद करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सोमवार को महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, हिना राजपूत पत्नी नरेंद्र सिंह राठौड़ बड़ौदी सड़क पर सरकारी स्कूल के पीछे रहती हैं। उनका आरोप है कि सोनू यादव पुत्र कल्याण सिंह यादव काफी समय से उन्हें और उनकी दो बेटियों को मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। विरोध करने पर आरोपी अपने साथियों को लेकर घर पहुंच जाता है और परिवार के साथ गाली-गलौज कर विवाद करता है।

महिला ने आरोप लगाया कि 21 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे सोनू अपने एक साथी के साथ घर आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वह छुरा लेकर मारने के लिए दौड़ा। महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी। आरोप है कि शाम करीब 6:30 बजे युवक दोबारा आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चला गया।

शिकायत में महिला ने यह भी बताया कि वह और उनके पति आरोपी के घर पहुंचे और उसके परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजनों द्वारा समझाने के बावजूद आरोपी के व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।

महिला का कहना है कि आरोपी उनके घर में गलत नीयत से घुसने की कोशिश करता है। पति के काम पर जाने और शाम 7 से 8 बजे के बीच घर लौटने के दौरान परिवार की सुरक्षा को लेकर उन्हें चिंता बनी रहती है।

हिना राजपूत ने एसपी से सोनू यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, उसे पाबंद करने और अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।