शिवपुरी। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र के ग्राम रेंझागढ़ में शराब ठेकेदार के कर्मचारी ब्रजकिशोर शिवहरे, बिहारी, कुलदीप, देवेंद्र पर गंभीर आरोप लगे हैं। गांव के निवासी सोनू यादव ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि 17 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे चार-पांच चार पहिया वाहनों से आए लोगों ने खुद को शराब ठेकेदार का कर्मचारी बताते हुए उनकी किराना दुकान के ताले तोड़ दिए। दुकान और मकान में घुसकर सामान अस्त-व्यस्त किया और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए उनकी मां व परिवार के सदस्यों से तीन मोबाइल फोन छीन लिए।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने सोनू यादव और उनके भाई राजीव यादव को जबरन गाड़ी में बैठाकर जंगल के रास्ते कोलारस ले गए। वहां शराब ठेकेदार के भवन में दोनों को अलग-अलग कमरों में बंद कर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने तथा कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का आरोप लगाया गया है। सोनू यादव का कहना है कि उन्हें शाम करीब 4 से 5 बजे छोड़ दिया गया, जबकि उनके भाई राजीव यादव के पास शराब रखकर फोटो खींचे गए और बाद में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) और 34(2) के मामले में गिरफ्तार कर उपजेल कोलारस भेज दिया गया।
सोनू यादव ने आरोप लगाया कि शराब ठेकेदार के प्रभाव के चलते स्थानीय स्तर पर निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं है और उनके परिवार के साथ-साथ जेल में बंद भाई की जान को भी खतरा है। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को सरपंच और ग्रामीणों के साथ बदरवास थाने में भी शिकायत दी गई थी। अब पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने तथा परिवार को सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
शराब ठेकेदार के कर्मचारियों पर दुकान में तोड़फोड़, अपहरण और बंधक बनाकर मारपीट के आरोप, भाई को आबकारी केस में जेल भेजने का दावा / Shivpuri News




