,

50 हजार रुपये जमा करने के बाद भी नहीं मिला प्रधानमंत्री आवास, राजेन्द्र सिंह सोलंकी की कलेक्टर से गुहार; सिंधिया के 24 घंटे में आवास देने के निर्देश भी बेअसर / Shivpuri News

शिवपुरी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट आवंटित होने और निर्धारित राशि जमा करने के बावजूद एक गरीब हितग्राही को अब तक अपने आशियाने का कब्जा नहीं मिल सका है। मामला शिवपुरी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 का है, जहां रहने वाले राजेन्द्र सिंह सोलंकी ने जनसुनवाई में कलेक्टर के समक्ष आवेदन देकर आवंटित आवास दिलाने की गुहार लगाई है। पीड़ित की आर्थिक स्थिति ऐसी है कि वह बाजार में फुटपाथ पर सिलाई मशीन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है।

जानकारी के अनुसार राजेन्द्र सिंह सोलंकी को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत फ्लैट क्रमांक बी-08/103 आवंटित किया गया था। इसके एवज में उन्होंने 23 अप्रैल 2026 को नगर पालिका शिवपुरी में चालान के माध्यम से 50 हजार रुपये जमा कराए थे। इसके बावजूद कई महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें आवंटित भवन का कब्जा नहीं मिला है। पीड़ित अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ किराये के मकान में रह रहा है, जिसके लिए उसे हर महीने 4 हजार रुपये किराया चुकाना पड़ रहा है। दिनभर फुटपाथ पर सिलाई मशीन चलाकर परिवार की जरूरतें पूरी करने वाले राजेन्द्र के लिए किराया देना भी आर्थिक बोझ बना हुआ है।

पीड़ित ने आवेदन में उल्लेख किया है कि 15 नवंबर 2026 को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी समस्या उनके सामने रखी थी। उनके मुताबिक, सिंधिया ने कलेक्टर को 24 घंटे के भीतर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी उन्हें न तो आवास का कब्जा मिला और न ही कोई सूचना दी गई। अब 17 नवंबर को राजेन्द्र सिंह सोलंकी ने कलेक्टर को दोबारा आवेदन देकर आवंटित फ्लैट का कब्जा दिलाने की मांग की है। सवाल यह है कि 50 हजार रुपये जमा करने के बाद भी एक गरीब परिवार अपने आवंटित घर में रहने के लिए क्यों तरस रहा है? नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी आखिर कब इस परिवार को उसका आशियाना उपलब्ध कराएंगे?