शिवपुरी। शहर की जवाहर कॉलोनी में पारिवारिक जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शहबाज खान उर्फ सोनू ने अपने पिता आयुब्ब खान और दादी बानो बेगम सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को शहबाज खान गमी में गया हुआ था। इसी दौरान उसकी मां रुकसार बेगम, बहन और बहन के दो बच्चे घर पर मौजूद थे। आरोप है कि आयुब्ब खान और बानो बेगम 4-5 युवकों के साथ घर पहुंचे और तोड़फोड़ करते हुए परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। मां और बहन को बचाने पहुंचे अतीक उद्दीन और आसिफ उद्दीन के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है, जिसमें दोनों घायल हो गए। इसके बाद रुकसार बेगम ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां एनसीआर दर्ज होने के बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी एफआईआर दर्ज कराई गई।
शहबाज का आरोप है कि घटना के बाद से उसके परिवार को लगातार थाने बुलाया जा रहा है और पुलिस घर पर भी पहुंच रही है, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहा है। उसने आवेदन में दादा की जमीन बेचने के विवाद और फोन पर जान से मारने की धमकियां मिलने का भी उल्लेख किया है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए आयुब्ब खान और बानो बेगम जिम्मेदार होंगे। उसने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच, परिवार को सुरक्षा देने और जान-माल की रक्षा करने की गुहार लगाई है।
दादा की जमीन बेचने के विवाद में परिवार पर हमला और जान से मारने की धमकी का आरोप, एसपी से सुरक्षा की गुहार / Shivpuri News




